Advertisement

आरसीबी को दिल्ली कैपिटल्स ने 16 रनों से हराया, प्ले ऑफ में जगह पक्की

दिल्ली कैपिटल्स ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) को आईपीएल-12 के मुकाबले में रविवार को 16 रन से हरा...
आरसीबी को दिल्ली कैपिटल्स ने 16 रनों से हराया, प्ले ऑफ में जगह पक्की

दिल्ली कैपिटल्स ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) को आईपीएल-12 के मुकाबले में रविवार को 16 रन से हरा दिया। दिल्ली ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट पर 187 रन बनाए। इसके बाद विराट कोहली की कप्तानी वाली टीम आरसीबी 7 विकेट पर 171 रन ही बना सकी। शिखर धवन (50) और कप्तान श्रेयस अय्यर (52) ने अर्धशतक लगाए।

बेंगलुरु के लिए पार्थिव पटेल ने सर्वाधिक 39 रन बनाए जबकि ऑलराउंडर मार्कस स्टॉयनिस ने नाबाद 32 रन का योगदान दिया। दिल्ली के लिए अमित मिश्रा और कागिसो रबाडा ने 2-2 विकेट झटके।

प्लेऑफ में पहुंची दिल्ली

दिल्ली की टीम इस जीत के साथ पॉइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंच गई और इसी के साथ उसने आईपीएल-12 के प्लेऑफ में भी जगह पक्की कर ली। दिल्ली के 12 मैचों में 8वीं जीत के बाद कुल 16 अंक हो गए हैं। वहीं, 8 टीमों की तालिका में सबसे नीचे आठवें नंबर पर मौजूद आरसीबी को 12 मैचों में 8वीं हार झेलनी पड़ी जिसके बाद उसकी प्लेऑफ के लिए क्वॉलीफाई करने की उम्मीदें भी टूट गईं।

विराट-पार्थिव ने दी अच्छी शुरुआत

पार्थिव पटेल (39) ने कप्तान विराट कोहली के साथ मिलकर टीम को अच्छी शुरुआत दी और दोनों ने पहले विकेट के लिए 5.5 ओवर में 63 रन जोड़ दिए। पार्थिव को रबाडा की गेंद पर अक्षर पटेल ने लपका। उन्होंने 20 गेंदों की अपनी पारी में 7 चौके और 1 छक्का जड़ा। कप्तान विराट कोहली को अक्षर पटेल की गेंद पर रदरफोर्ड ने लपका। उन्होंने 17 गेंदों की अपनी पारी में 23 रन बनाए।

एबी और दुबे ने जताई उम्मीद

एबी डि विलियर्स (17) और शिवम दुबे (24) ने कुछ उम्मीद जताई और तीसरे विकेट के लिए 35 रन जोड़े। एबी को रदरफोर्ड की गेंद पर अक्षर ने लपका और फिर दुबे को अमित मिश्रा की गेंद पर धवन ने कैच कर पविलियन की राह दिखा दी। दुबे ने 16 गेंदों पर 2 छक्के लगाए जबकि एबी ने 19 गेंदों पर 1 छक्का जड़ा। 

बेंगलुरु के लिए मार्कस स्टॉयनिस ने 24 गेंदों की नाबाद पारी में 32 रन बनाए। उन्होंने 1 चौका और 2 छक्के जड़े लेकिन वह टीम को जीत दिलाने में कामयाब नहीं हो सके। उनके अलावा गुरकीरत सिंह मान ने 19 गेंदों पर 2 चौके और 1 छक्के की बदौलत 27 रन बनाए। दोनों ने मिलकर छठे विकेट के लिए 49 रन की साझेदारी की। दिल्ली के लिए रबाडा और अमित मिश्रा ने 2-2 विकेट लिए जबकि इशांत शर्मा, अक्षर पटेल और रदरफोर्ड को 1-1 विकेट मिला।

दिल्ली ने दिया 188 रन का लक्ष्य

दिल्ली कैपिटल्स ने कप्तान श्रेयस अय्यर (52) और शिखर धवन (50) के अर्धशतकों की मदद से फिरोजशाह कोटला मैदान में 5 विकेट पर 187 रन बनाए। अय्यर ने 37 गेंद का सामना करते हुए 52 रन की अपनी पारी के दौरान 3 छक्के और 2 चौके लगाए जबकि धवन ने अपनी शानदार फॉर्म जारी रखते हुए इस सत्र में पांचवां और लगातार तीसरा अर्धशतक जड़ा। 

धवन और अय्यर ने पहुंचाया 100 के पार

अय्यर और शिखर अब क्रीज पर थे, मेजबान टीम ने पावरप्ले में एक विकेट गंवाकर 59 रन जोड़े। इन दोनों ने अच्छी भागीदारी निभाते हुए दिल्ली कैपिटल्स को 11.3 ओवर में 100 रन पूरे कराए। अगली गेंद पर धवन ने 36 गेंद में 5 चौके और 2 छक्के से अपना अर्धशतक पूरा किया। पर अगले ओवर में युजवेंद्र चहल का शिकार बन गए। वॉशिंगटन सुंदर ने आसान कैच लपककर उनकी 50 रन की पारी का अंत किया। इस तरह दूसरे विकेट के लिये 53 गेंद में 68 रन की भागीदारी का अंत हुआ।

अय्यर का अर्धशतक

कप्तान अय्यर संयम से अपनी पारी को आगे बढ़ाते रहे, उन्होंने 15वें ओवर में चहल की पहली गेंद पर गगनचुंबी छक्का जड़ा और फिर तीसरी गेंद पर शानदार छक्का लगाकर अपना पचासा पूरा किया। इसी ओवर में पंत दुर्भाग्यशाली रहे और 7 गेंद खेलकर एक चौका लगाने के बाद चहल की गेंद पर पगबाधा आउट हुए जो इस गेंदबाज का दूसरा शिकार रहा। हालांकि उन्होंने रिव्यू मांगा, पर यह उनके हक में नहीं रहा। दिल्ली ने 16वें ओवर में अय्यर के रूप में चौथा विकेट गंवाया। कोलिन इंग्राम (11) भी आते ही चलते बने।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad