Advertisement

विराट का दोहरा शतक, मुंबई में मिलेगी महाजीत

कप्‍तान विराट कोहली और जयंत यादव की शानदार बल्‍लेबाजी के बाद गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन से इंग्‍लैंड की मुंबई में पाचवें दिन हार तय है। इंग्लैंड के हाथों वानखेड़े में मिली 2012 की हार को भुलाते हुए टीम इंडिया ने चौथे टेस्ट में अपनी स्थिति काफी हद तक मजबूत कर ली।
विराट का दोहरा शतक, मुंबई में मिलेगी महाजीत

इंग्लैंड ने पहली पारी में 400 रनों का पहाड़ खड़ा किया था और ऐसा लग रहा था कि टीम इंडिया पिछली दो सीरीज की तरह एक बार फिर मुंबई में इंग्लैंड के सामने ढेर हो सकती है, लेकिन टीम इंडिया ने कप्तान विराट कोहली (235), मुरली विजय (136) और जयंत यादव (104) की धमाकेदार पारियों से इंग्लैंड पर निर्णायक बढ़त बना ली।  चौथे दिन का खेल खत्म होने तक इंग्लैंड ने टीम इंडिया की पहली पारी की 231 रनों की बढ़त के जवाब में 6 विकेट पर 182 रन बना लिए।

विराट कोहली और जयंत यादव के बीच हुई 241 रनों की साझेदारी से टीम इंडिया ने पहली पारी में 631 रन बनाकर इंग्लैंड पर 231 रनों की बढ़त हासिल की। विराट और जयंत के बीच आठवें विकेट के लिए 241 रनों की रिकॉर्ड साझेदारी हुई, जिसमें कोहली ने 129 और यादव ने 104 रनों का योगदान दिया। जयंत यादव नौवें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए शतक लगाने वाले भारत के पहले बल्लेबाज बन गए।

टीम इंडिया ने जैसे ही 200 से अधिक की बढ़त ली, तो इंग्लैंड पर मनोवैज्ञनिक दबाव बढ़ गया। इसका परिणाम यह हुआ कि उनके बल्लेबाज दबकर खेलने लगे। इंग्लैंड को पहला झटका मध्यम गति के गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने दिया और पहली पारी के शतकवीर कीटन जेनिंग्स को खाता भी नहीं खोलने दिया। जेनिंग्स पगबाधा आउट हुए।

इसके बाद कप्तान एलिस्टर कुक ने जो रूट के साथ पारी संभालने की कोशिश की, लेकिन स्कोर 43 रन ही हुआ था कि कुक ने रवींद्र जडेजा की गेंद को पढ़ने में गलती कर दी। गेंद सीधे उनके पैड पर जा लगी और अंपायर ने अंगुली उठा दी। कुक ने रीव्यू भी लिया, लेकिन उसका उन्हें कोई फायदा नहीं मिला। मोईन अली को रवींद्र जडेजा ने शून्य पर लौटाया। अली का लेग गली पर मुरली विजय ने शानदार कैच पकड़ा। इसी के साथ चायकाल का समय हो गया। चाय तक इंग्लैंड ने तीन विकेट पर 49 रन बना लिए थे।

इससे पहले टीम इंडिया ने पहली पारी में 631 रन बनाए। कोहली 340 गेंदों पर 235 रन बनाकर आउट हुए। कोहली ने करियर का तीसरा दोहरा शतक, तो जयंत ने 196 गेंदों में करियर का पहला टेस्ट शतक लगाया।  

विराट कोहली ने 165वें ओवर में आदिल राशिद की गेंद को मिडविकेट की ओर खेलकर सिंगल के साथ टेस्ट करियर का तीसरा दोहरा शतक पूरा किया। इससे पहले के दोनों दोहरे शतक उन्होंने इसी साल वेस्टइंडीज और न्यूजीलैंड के खिलाफ बनाए थे। तीन दोहरे शतक लगाने वाले वह भारत के पहले कप्तान बन गए हैं। विराट ने जयंत यादव के साथ चौथे दिन टीम के स्कोर को 451 रन से आगे बढ़ाया। दोनों के बीच आठवें विकेट के लिए 200 से अधिक की रिकॉर्ड साझेदारी हो चुकी है। इससे पहले नवंबर, 1996 में मोहम्मद अजहरुद्दीन और अनिल कुंबले ने कोलकाता में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 161 रनों की साझेदारी की थी।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad