कोलकाता के ईडन गार्डेंस में खेले जा रहे भारत-श्रीलंका के बीच पहले टेस्ट मैच के तीसरे दिन भारत ने शनिवार को सुबह 74/5 से आगे खेलना शुरू किया। भारत की टीम 172 रन पर ऑल आउट हो गई।
वहीं तीसरा दिन भी खराब रोशनी की वजह से खत्म हो गया है। तीसरे दिन की समाप्ति तक श्रीलंका ने 4 विकेट खोकर 165 रन बना लिए हैं। भुवनेश्वर कुमार और उमेश यादव ने एक-एक विकेट लिए।
That's it from Day 3. The play has been called off earlier than normal due to bad light. India 172, Sri Lanka 165/4 with U Yadav & B Kumar bagging two each #INDvSL pic.twitter.com/TTq0Bazhor
— BCCI (@BCCI) November 18, 2017
भारत की पारी
भारत ने बारिश से बाधित दूसरे दिन की समाप्ति तक पांच विकेट पर 74 रन बनाए थे। चेतेश्वर पुजारा 47 और रिद्धिमान साहा 6 रनों पर नाबाद लौटे थे। भारत ने दूसरे दिन का खेल खत्म किए जाने तक 32.5 ओवरों का सामना किया था। इनमें से 11.5 ओवर पहले दिन के हैं। दूसरे दिन भोजनकाल के बाद का खेल सम्भव नहीं हो सका था। तीसरे दिन पुजारा ने चौके के साथ अपना अर्धशतक पूरा किया लेकिन वह इसके बाद अधिक देर तक नहीं टिक सके। पुजारा 52 के निजी योग पर लाहिरू गामागे की गेंद पर बोल्ड हुए।
पुजारा ने अपनी 117 गेंदों की जुझारू पारी में 10 चौके लगाए। उन्होंने 108 गेंदों का सामना कर अपने करियर का 16वां अर्धशतक पूरा किया। पुजारा ने साहा के साथ 26 रनों की साझेदारी की। उनकी विदाई के बाद रवींद्र जडेजा विकेट पर आए और उन्होंने साहा का अच्छा साथ दिया। इन दोनों ने भारत के स्कोर को 100 के पार पहुंचाया। जडेजा 127 के कुल योग पर दिलरुवान परेरा की गेंद पर पगबाधा आउट करार दिए गए। अम्पायर ने हालांकि जडेजा को नाटआउट करार दिया था लेकिन श्रीलंका टीम द्वारा रिव्यू लिए जाने के बाद उन्हें आउट करार दिया गया।
जडेजा ने 22 रन बनाए। उन्होंने 37 गेंदों का सामना कर तीन चौके और एक छक्का लगाया। उनका विकेट 127 के कुल योग पर गिरा। कुल योग में अभी एक रन ही जुड़ा था कि साहा भी आउट हो गए। साहा का भी विकेट परेरा ने लिया। दोनों विकेट 52वें ओवर में गिरे। साहा ने अम्पायर के फैसले के खिलाफ डीआरएस लिया था लेकिन टीवी अम्पायर जोए विल्सन ने उसे नकार दिया। साहा ने 83 गेंदों का सामना कर छह चौकों की मदद से 29 रन बनाए।
भुवनेश्वर कुमार (13) का विकेट 146 के कुल योग पर गिरा। भुवी ने 17 गेंदों का सामना कर एक चौका लगाया। भुवी को सुरंगा लकमल ने आउट किया। इसके बाद उमेश यादव नाबाद (6) और लोकल हीरो मोहम्मद समी (24) ने मिलकर स्कोर को 150 तक पहुंचाया। इसके बाद दोनों ने कई जोरदार शॉट्स लगाए। खासतौर पर समी ने ताबड़तोड़ अंदाज में खेलते हुए तीन झन्नाटेदार चौके जड़े। समी ने 22 गेंदों का सामना किया। समी और यादव ने अंतिम विकेट के लिए 19 गेंदों पर 26 रन जोड़े। श्रीलंका की ओर से लकमल ने सबसे अधिक चार विकेट लिए जबकि परेरा दाशुन शनाका और गामागे को दो-दो सफलता मिली।
इससे पहले पहले दिन भी बारिश और खराब रोशनी से खेल प्रभावित रहा था। पहले दिन 11.5 ओवर का ही खेल हो सका था और भारत के 17 रन पर 3 विकेट गिर चुके थे।