Advertisement

चैंपियंस ट्राफी: टीम इंडिया के पास तीसरी बार खिताब जीतने का मौका

जून से इंग्लैंड में होने वाली चैंपियंस ट्रॉफी में टीम इंडिया अपना खिताब बचाने के लिए उतरेगी। टीम इंडिया ने पिछली बार इंग्लैंड को हराकर खिताब जीता था। इससे पहले 2002 में भी टीम इंडिया बारिश की वजह से श्रीलंका के साथ संयुक्त विजेता घोषित हुई थी। दो बार खिताब जीत चुकी भारतीय टीम के पास तीसरी बार इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में अपना परचम लहराने का मौका होगा। इंडिया के अलावा ऑस्ट्रेालिया के पास भी तीसरी बार खिताब जीतने का अवसर होगा।
चैंपियंस ट्राफी: टीम इंडिया के पास तीसरी बार खिताब जीतने का मौका

क्रिकेट के व़न डे प्रारूप के तहत इस प्रतियोगिता में 1 जून से 18 जून तक कुल 15 मैच खेले जाएंगे। यह चैंपियंस ट्रॉफी का आठवां संस्करण है। वेस्टइंडीज इस बार नहीं खेल रही क्योंकि बांग्लादेश ने आईसीसी की वनडे रैंकिंग में बाजी मारी इस कारण बांग्लादेश इस ट्रॉफी में खेल रहा है।
वेस्टइंडीज, श्रीलंका, दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड भी इस प्रतियोगिता के विजेता रह चुके हैं।

भारत का अभियान 4 जून से पाकिस्तान के खिलाफ बर्मिंघम में शुरू होगा। इसके बाद टीम इंडिया 8 जून को श्रीलंका के खिलाफ तथा 11 जून को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मुकाबला खेलेगी। इससे पहले अभ्यास के तहत 28 मई को न्यूजीलैंड तथा 30 मई को बांग्लादेश से भारत की भिड़ंत होगी।

पहली बार 2002 में श्रीलंका के साथ भारत को ये ट्रॉफी साझा करनी पड़ी और दूसरी बार 2013 में एमएस धोनी की कप्तानी में भारत चैंपियंस ट्रॉफी का विजेता बना था।

चैंपियंस ट्रॉफी में टीम इंडिया के खिलाड़ियों के 10 बड़े रिकॉर्ड्स

1. चैंपियंस ट्रॉफी में राहुल द्रविड़ सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले भारतीय हैं। द्रविड़ ने चैंपियंस ट्रॉफी में कुल 19 मैच खेले हैं।

2. चैंपियंस ट्रॉफी में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड पूर्व कप्तान सौरव गांगुली के नाम है। गांगुली ने इस टूर्नामेंट में कुल 665 रन बनाए हैं।

3. चैंपियंस ट्रॉफी में भारत की ओर से सबसे बड़ी पारी खेलने का रिकॉर्ड सौरव गांगुली और सचिन तेंदुलकर के नाम है। गांगुली ने 2000 में द.अफ्रीका के खिलाफ 141 रनों की पारी खेली थी वहीं सचिन तेंदुलकर ने साल 1998 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 141 रन बनाए थे।

4. चैंपियंस ट्रॉफी में भारत की ओर से सबसे ज्यादा शतक लगाने का रिकॉर्ड भी सौरव गांगुली के नाम है उनके नाम कुल 3 शतक हैं। वहीं 50 से ज्यादा रनों की पारी गांगुली और राहुल द्रविड़ ने 6-6 बार खेली है।

5. चैंपियंस ट्रॉफी में सबसे अच्छा बल्लेबाजी औसत रखने वाले भारतीय खिलाड़ी शिखर धवन हैं। धवन ने चैंपियंस ट्रॉफी की 5 पारियों में 90.75 के औसत से 363 रन बनाए हैं जिसमें दो शतक और एक अर्धशतक शामिल है।

6. चैंपियंस ट्रॉफी के एक टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज शिखर धवन ही हैं। धवन ने साल 2013 में खेली गई चैंपियंस ट्रॉफी में 363 रन बनाए थे।

7. भारत के लिए चैंपियंस ट्रॉफी में सबसे ज्यादा 17 छक्के लगाने का रिकॉर्ड पूर्व कप्तान सौरव गांगुली के नाम है। एक पारी में सबसे ज्यादा 6 छक्के भी गांगुली ने ही लगाए हैं।

8.चैंपियंस ट्रॉफी में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले भारतीय जहीर खान हैं। उन्होंने चैंपियंस ट्रॉफी में कुल 15 विकेट झटके हैं वहीं एक टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा 12 विकेट लेने का रिकॉर्ड रविंद्र जडेजा के नाम है। जडेजा ने साल 2013 में ये कारनामा किया था।

9. चैंपियंस ट्रॉफी टूर्नामेंट के एक मैच में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले भारतीय गेंदबाज भी रविंद्र जडेजा हैं। जडेजा ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 2013 में 36 रन देकर 5 बल्लेबाजों को आउट किया था।

10. चैंपियंस ट्रॉफी में भारत के सबसे सफल विकेटकीपर एम एस धोनी हैं। धोनी ने टूर्नामेंट में अब तक कुल 15 शिकार किए हैं। फील्डरों की बात करें तो गांगुली ने सबसे ज्यादा 12 कैच लपके हैं।


अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad