Advertisement

विजय हजारे ट्रॉफी: यशस्वी जायसवाल ने रचा इतिहास, बने सबसे कम उम्र मे दोहरा शतक जड़ने वाले बल्लेबाज

मुंबई के युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने बुधवार को विजय हजारे ट्रॉफी में झारखंड के खिलाफ खेले गए...
विजय हजारे ट्रॉफी: यशस्वी जायसवाल ने रचा इतिहास, बने सबसे कम उम्र मे दोहरा शतक जड़ने वाले बल्लेबाज

मुंबई के युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने बुधवार को विजय हजारे ट्रॉफी में झारखंड के खिलाफ खेले गए मुकाबले में दोहरा शतक जड़ दिया। यशस्वी लिस्ट ए क्रिकेट में दुनिया में सबसे कम उम्र मे दोहरा शतक लगाने वाले खिलाड़ी बने और उन्होंने वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम किया। यशस्वी ने महज 17 साल 292 दिन की उम्र में ये कारनामा कर दिखाया है। यशस्वी ने झारखंड के बेंगलुरू में खेले गए मुकाबले खिलाफ पारी की शुरुआत करते हुए 154 गेंद में 203 रन की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 17 चौके और 12 छक्के भी जड़े। उनकी इस पारी की बदौलत मुंबई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 358 रन का स्कोर खड़ा किया। 

महज पांचवां लिस्ट ए मैच खेल रहे हैं

करिअर का महज पांचवां लिस्ट ए मुकाबला खेल रहे यशस्वी के बल्ले से निकला ये तीसरा शतक है। इससे पहले वो दो शतक जड़ चुके हैं। उन्होंने छत्तीसगढ़ के खिलाफ डेब्यू किया था और अपने डेब्यू मैच में 62 गेंद पर 44 रन की पारी खेली थी। इस मैच से पहले केरल के खिलाफ भी यशस्वी ने शतक जड़ा था और 132 गेंद में 122 रन की पारी खेली थी। 

जायसवाल और आदित्य तारे की जोड़ा ने दिखाया आक्रमक खेल

मुंबई ने मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। यशस्वी जायसवाल और आदित्य तारे की जोड़ी ने पारी की शुरुआत करते हुए झारखंड के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। 35वें ओवर में मुंबई ने 200 रन के आंकड़े को पार किया लेकिन ओवर की चौथी गेंद पर तारे आउट होकर पवेलियन लौट गए। लेकिन इससे पहले जायसवाल ने अपना तीसरा शतक पूरा कर लिया। तारे के आउट होने के बाद भी जायसवाल ने अपनी आतिशी बल्लेबाजी जारी रखी और दोहरा शतक पूरा कर लिया। पारी के 50वें ओवर की चौथी गेंद पर वो विवेकानंद तिवारी की गेंद पर लपके गए। 

विजय हजारे ट्रॉफी का दूसरा दोहरा शतक

ये मौजूदा विजय हजारे ट्रॉफी के मौजूदा सीजन का दूसरा दोहरा शतक है। इससे पहले केरल के विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन ने दोहरा शतक जड़ा था। उन्होंने गोवा के खिलाफ पिछले सप्ताह 212 रन की पारी खेली थी और विजय हजारे ट्रॉफी में सबसे बड़ी पारी खेलने का कर्ण कौशल का रिकॉर्ड तोड़ा था। साथ ही विजय हजारे ट्रॉफी के एक मैच की एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी उन्होने अपने नाम किया, उन्होने 12 छक्के जड़े।

दोहरा शतक लगाने वाले भारत के छठे बल्लेबाज

यशस्वी लिस्ट ए क्रिकेट में दोहरा शतक लगाने वाले भारत के छठे बल्लेबाज बने। उनसे पहले यह करिश्मा सचिन तेंडुलकर, वीरेंद्र सहवाग, रोहित शर्मा, करनवीर कौशल और संजू सैमसन यह कमाल कर चुके हैं। 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad