Advertisement

जियानी इन्फैनटिनो बने फीफा के अध्यक्ष, ब्लाटर युग का हुआ अंत

स्विटजरलैंड के जियानी इन्फैनटिनो ने फीफा अध्यक्ष पद का चुनाव जीत लिया है। यूरोपीय गवर्निंग निकाय यूईएफए के 45 वर्षीय महासचिव इन्फैनटिनो स्विस एल्प्स में वलाइस क्षेत्र से फीफा के दूसरे अध्यक्ष हैं। ब्रिज के इन्फैनटिनो 79 वर्षीय ब्लाटर की जगह ली है जिनका कार्यकाल भ्रष्टाचार के आरोपों की वजह से सवालों के घेरे में आ गया था।
जियानी इन्फैनटिनो बने फीफा के अध्यक्ष, ब्लाटर युग का हुआ अंत

ज्यूरिख में शनिवार को हुए दूसरे दौर की वोटिंग में जीतने के बाद गियानी इन्फैनटिनो फीफा के नए अध्यक्ष बन गए। इन्फैनटिनो को कुल 207 योग्य मतों में से 115 मत मिले और उन्होंने बहरीन के शेख सलमान पर एक निर्णायक बढ़त हासिल की। शेख सलमान को 88 वोट मिले। चार माह से चल रहे अभियान में वह हालांकि सबसे आगे रहे थे। जॉर्डन के प्रिंस अली को चार वोट मिले और फ्रांस के जेरोम शैम्पेन को एक भी वोट नहीं मिला। पहले दौर में इन्फैन्टिनों ने 88 मतों से बढ़त बनाई। तब शेख सलमान को 85 वोट, प्रिंस अली को 27 और शैम्पेन को सात वोट मिले थे। फीफा अध्यक्ष पद का चुनाव जीतने के बाद गियानी इनफेनटिनो ने वादा किया कि वह विवादों से जूझ रही फुटबॉल की वैश्विक संस्था को नए युग में ले जाएंगे। हालांकि इनफेनटिनो पर जल्द से जल्द सुधारवादी कदम उठाने का दबाव रहेगा।

 

यूईएफए के 45 साल के महासचिव इनफेनटिनो ने दागी सेप ब्लाटर के उत्तराधिकारी के चुनाव में आसान जीत दर्ज की। इसके साथ ही फीफा के अभूतपूर्व संकट में घिरने के बाद ब्लाटर के 18 साल के कार्यकाल का अंत हो गया। फीफा में भ्रष्टाचार की संस्कृति के लिए कई लोगों द्वारा जिम्मेदार ठहराए गए ब्लाटर ने इनफेंटिनो को इस जीत के लिए बधाई दी। ब्लाटर ने कहा, अपने अनुभव, अपनी क्षमता, अपनी रणनीतिक समझ और कूटनीति के कारण उसमें वह सारी क्षमताएं हैं कि मेरे काम को आगे बढ़ाए।

 

इनफेनटिनो को दूसरे दौर के मतदान में 115 जबकि एशिया फुटबाल परिसंघ के अध्यक्ष बहरीन के शेख सलमान को 88 वोट मिले। पहले दौर के मतदान के बाद दोनों के बीच सिर्फ एक मत का अंतर था। अध्यक्ष पद के लिए शुरूआत में मुकाबला पांच दावेदारों के बीच था। जॉर्डन के प्रिंस अली बिन अल हुसैन और पूर्व फीफा अधिकारी जिरोम शैम्पेन का अभियान पहले दौर के बाद खत्म हो गया जबकि दक्षिण अफ्रीका के व्यवसायी तोक्यो सेहवाले ने चुनाव शुरू होने से पहले ही अपना नाम वापस ले लिया था।

 

इनफेनटिनो ने कहा कि उन्हें चुनाव के बाद विश्व फुटबाल को एकजुट करने में कोई परेशानी नहीं होगी। चुनाव के दौरान इनफेनटिनो के गढ़ यूरोप और एशिया तथा अफ्रीका के मतदाताओं के बीच विभाजन हो गया था। इनफेनटिनो ने कहा, आज चुनाव था, जंग नहीं। चुनाव में आप हारते हैं या जीतते हैं और इसके बाद जीवन आगे बढ़ता है। शेख सलमान ने भी कहा कि वह अध्यक्ष पद के अपने प्रतिद्वंद्वी के साथ मिलकार काम करने को उत्सुक हैं। इस बीच इनफेनटिनो के चयन की रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और महासंघ के प्रमुखों ने भी सराहना की। विश्व कप 2018 के मेजबान देश रूस के राष्ट्रपति पुतिन ने कहा कि इनफेंटिनो बड़े अधिकारों के साथ पद ग्रहण करेंगे।

 

गियानी इनफेनटिनो की सराहना ऐसे व्यक्ति के रूप में की जा रही है जो न तो राजनेता हैं और न ही सुपरस्टार लेकिन सुधारवादी मानसिकता वाले प्रशासक हैं जो भ्रष्टाचार प्रकरण में घिरी फुटबाल की वैश्विक संस्था को नए युग में ले जा सकते हैं। कई भाषा बोलने वाले स्विस-इतालवी वकील 45 साल के इनफेनटिनो के फीफा का नया अध्यक्ष चुने जाने पर इंग्लैंड फुटबाल संघ के अध्यक्ष ग्रेग डाइक ने कहा, वह राजनेता नहीं है। वह सुपरस्टार नहीं है। वह सिर्फ काफी संगठित व्यक्ति है। उन्होंने कहा, उन्होंने यूएफा का संचालन काफी अच्छी तरह किया और फीफा अध्यक्ष के रूप में वह शानदार होंगे। इनफेनटिनो सात साल तक यूएफा महासचिव रहे और उन्हें माइकल प्लातिनी का बेहद करीबी माना जाता था।

 

अध्यक्ष पद की दौड़ में इनफेंनटिनो के खिलाफ शिकस्त झेलने वाले जॉर्डन के प्रिंस अली बिन अल हुसैन ने कहा कि वह उम्मीद करते हैं कि फीफा प्रगति करेगा। प्रिंस अली ने कहा, अब हम देखेंगे कि फीफा कौन सा रास्ता अपनाता है। उम्मीद करता हूं कि आज जिन सुधारवादी कदमों को स्वीकृति दी गई वे अस्थाई नहीं होंगे और फीफा तथा फुटबाल के भविष्य को बेहतर बनाएंगे। विश्व कप 2018 के मेजबान देश रूस के खेल मंत्री विताली मुत्को ने भी कहा कि इनफेनटिनो इस काम के लिए सही व्यक्ति हैं। मुत्को ने कहा, मैं संतुष्ट हूं, हमने शुरूआत से ही उनका समर्थन किया था। फीफा की स्वतंत्र सुधार समिति के प्रमुख फ्रेंकोइस कैरार्ड ने कहा कि इनफेनटिनो सर्वश्रेष्ठ संभव व्यक्ति हैं।

 

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad