Advertisement

एशियाई खेल: भारत ने निशानेबाजी में दूसरा गोल्ड जीता, महिलाओं की 50 मीटर राइफल 3पी टीम स्पर्धा में भी आया सिल्वर

चीन में खेले जा रहे एशियाई खेलों में भारतीय शूटिंग खिलाड़ियों का जलवा जारी है। मनु भाकर, ईशा सिंह और...
एशियाई खेल: भारत ने निशानेबाजी में दूसरा गोल्ड जीता, महिलाओं की 50 मीटर राइफल 3पी टीम स्पर्धा में भी आया सिल्वर

चीन में खेले जा रहे एशियाई खेलों में भारतीय शूटिंग खिलाड़ियों का जलवा जारी है। मनु भाकर, ईशा सिंह और रिदम सांगवान की भारतीय निशानेबाजी तिकड़ी ने निशानेबाजी में देश का दबदबा कायम रखते हुए यहां चल रहे एशियाई खेलों में महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता।

भारत को कुल 1759 अंक मिले, जो स्वर्ण जीतने के लिए पर्याप्त थे। चीन ने 1756 अंकों के साथ रजत पदक हासिल किया। कुल 1742 अंकों के साथ दक्षिण कोरिया को कांस्य पदक मिला। मनु भाकर ने शानदार रैपिड सीरीज के साथ टीम को आगे बढ़ाया।

महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में मनु भाकर 590 अंक के साथ क्वालिफिकेशन स्टैंडिंग में शीर्ष पर रहीं। ईशा सिंह 586 के साथ 5वें स्थान पर रहीं, जबकि रिदम सांगवान 583 के साथ 7वें स्थान पर रहीं। उनका संयुक्त स्कोर चीन को 3 अंकों से हराने के लिए पर्याप्त था।

साथ ही आशी चौकसे, मानिनी कौशिक और सिफ्ट कौर समारा ने बुधवार को महिलाओं की 50 मीटर राइफल 3पी टीम शूटिंग स्पर्धा में भारत के लिए रजत पदक हासिल किया।

बता दें कि 1754 अंकों के स्कोर के साथ, भारत ने इस स्पर्धा में रजत पदक हासिल किया। भारतीय टीम स्वर्ण पदक से केवल 19 अंक पीछे रही, जिस पर 1773 अंक के साथ चीन का कब्ज़ा रहा। दक्षिण कोरिया ने 1756 अंकों के साथ कांस्य पदक जीता। निशानेबाजी में यह भारत का छठा पदक है।

इससे पहले दिव्यांश सिंह पंवार, रुद्रंक्ष पाटिल, ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर की टीम ने पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल टीम में विश्व रिकॉर्ड तोड़ स्वर्ण पदक पर कब्जा किया था। इसके अलावा महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल टीम में मेहुली घोष, रमिता जिंदल और आशी चौकसे की तिकड़ी को रजत मिला था।

रमिता ने महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल व्यक्तिगत स्पर्धा में भी कांस्य पदक हासिल किया। ऐश्वर्या ने पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल व्यक्तिगत स्पर्धा में भी कांस्य पदक जीता था।

इसके अलावा आदर्श सिंह, विजयवीर सिद्धू और अनीश भानवाला की पुरुषों की 25 मीटर रैपिड-फायर पिस्टल तिकड़ी ने भी कांस्य पदक अपने नाम किया था। मौजूदा महाद्वीपीय प्रतियोगिता में यह भारत का 15वां पदक है। उनके पास कुल तीन स्वर्ण, पांच रजत और सात कांस्य पदक हैं।

एशियाई खेलों हांगझू में शूटिंग स्पर्धाएं 24 सितंबर से 1 अक्टूबर तक आयोजित की जानी हैं। फूयांग यिनहु स्पोर्ट्स सेंटर में राइफल, पिस्टल और शॉटगन श्रेणियों में कुल 33 पदक स्पर्धाएं होनी हैं। ओलंपियन मनु भाकर और पूर्व विश्व चैंपियन रुद्राक्ष 33 सदस्यीय भारतीय दल के कुछ सितारे हैं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad