Advertisement

रेसलर बजरंग पूनिया को मिलेगा राजीव गांधी खेल रत्न

एशिया और राष्ट्रमंडल खेलों के स्वर्ण पदक विजेता पहलवान बजरंग पूनिया को शुक्रवार को देश के सर्वोच्च...
रेसलर बजरंग पूनिया को मिलेगा राजीव गांधी खेल रत्न

एशिया और राष्ट्रमंडल खेलों के स्वर्ण पदक विजेता पहलवान बजरंग पूनिया को शुक्रवार को देश के सर्वोच्च खेल सम्मान राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार के लिये नामांकित किया गया। यह अवॉर्ड खेल के क्षेत्र में दिया जाने वाला भारत का सर्वोच्च सम्मान है। बजरंग को कुश्ती के क्षेत्र में लगातार अच्छा करने के लिए इस साल अवॉर्ड दिया जाएगा।

भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) ने इस प्रतिष्ठित अवॉर्ड के लिए बजरंग पूनिया के साथ ही महिला पहलवान विनेश फोगाट के नामों की सिफारिश की थी। पूनिया ने हाल ही में तबिलिसी ग्रां प्री में गोल्ड मेडल पदक अपने नाम किया था। वह ईरान के पेइमान बिबयानी को मात देकर 65 किलोग्राम भारवर्ग में सोने का तमगा जीतने में सफल रहे थे।

पूनिया के नाम पर फैसला 12 सदस्यीय चयन समिति ने दो दिवसीय बैठक के शुरूआती दिन में लिया। पैनल में बाईचुंग भूटिया और एम सी मेरीकाम भी शामिल हैं। इसकी जानकारी रखने वाले एक सूत्र ने पीटीआई से कहा, ‘‘बजरंग को खेल रत्न पुरस्कार के लिये चुना गया। उनके नाम पर फैसला सर्वसम्मति से हुआ। ’’

शनिवार को अर्जुन और द्रोणाचार्य पुरस्कार के नाम पर फैसला

 सूत्र ने यह भी कहा कि 12 सदस्यीय पैनल शनिवार को अर्जुन और द्रोणाचार्य पुरस्कार के नाम पर फैसला करने के अलावा शीर्ष सम्मान के लिये एक और एथलीट का नाम चुन सकती है।

बजरंग ने क्या कहा?

बजरंग अभी जार्जिया में ट्रेनिंग कर रहे हैं, उन्होंने कहा, ‘‘इस पुरस्कार के लिये मेरे पास उपलब्धियां थीं। मैंने हमेशा ही कहा कि यह पुरस्कार सबसे हकदार खिलाड़ी को ही मिलना चाहिए।’’ बजरंग ने पिछले साल जकार्ता एशियाई खेलों में 65 किग्रा स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता था। उन्होंने गोल्ड कोस्ट राष्ट्रमंडल खेलों में भी इसी वजन वर्ग में पहला स्थान हासिल किया था। वह विश्व चैम्पियनशिप में दो बार के पदकधारी हैं और अगले साल तोक्यो ओलंपिक में भारत के लिये प्रबल दावेदारों में शामिल हैं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad