मात्र तेईस वर्ष की उम्र में आगामी आईसीसी वनडे विश्व कप में पाकिस्तान की कप्तानी करने जा रही फातिमा सना भारत के विश्व कप विजेता कप्तान महेंद्र सिंह धोनी से प्रेरणा लेती हैं और उन्हीं की तरह ‘कैप्टन कूल’ बनने की ख्वाहिश भी रखती हैं ।
भारत और श्रीलंका में 30 सितंबर से 2 नवंबर तक होने वाले इस टूर्नामेंट में पाकिस्तान अपने अभियान की शुरुआत 2 अक्टूबर को कोलंबो में बांग्लादेश के खिलाफ करेगा।
फातिमा ने स्वीकार किया कि इतने बड़े टूर्नामेंट में कप्तानी संभालना आसान नहीं है और शुरुआत में घबराहट होना स्वाभाविक है। लेकिन उन्होंने बताया कि वह भारत के वर्ल्ड कप विजेता कप्तान महेंद्र सिंह धोनी से प्रेरणा लेती हैं। फातिमा का कहना है कि धोनी जिस तरह शांत रहकर फैसले लेते थे और अपने खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाते थे, उनसे उन्होंने बहुत कुछ सीखा है।
फातिमा ने लाहौर से भाषा के साथ बातचीत में कहा कि जब उन्हें कप्तानी मिली थी, तभी सोचा था कि धोनी की तरह ‘कैप्टन कूल’ बनना है। उनके मैच और इंटरव्यू देखकर उन्होंने लीडरशिप के कई गुण सीखे। पाकिस्तान की महिला टीम अब तक पांच बार (1997, 2009, 2013, 2017 और 2022) वर्ल्ड कप खेल चुकी है, लेकिन प्रदर्शन निराशाजनक रहा। 1997, 2013 और 2017 में टीम एक भी मैच नहीं जीत सकी। पिछली बार 2022 में सिर्फ वेस्टइंडीज के खिलाफ हैमिल्टन में एक जीत मिली थी और टीम आखिरी स्थान पर रही थी।
फातिमा का मानना है कि इस बार टीम का प्रदर्शन अलग होगा। उन्होंने कहा कि हम अतीत को पीछे छोड़कर नए सिरे से शुरुआत करना चाहते हैं। हमारा लक्ष्य पाकिस्तान को सेमीफाइनल तक ले जाना है। फातिमा ने आगे कहा कि पाकिस्तान में अब लड़कियां स्कूल स्तर पर क्रिकेट खेल रही हैं और अंतरराष्ट्रीय मैचों का सीधा प्रसारण भी बढ़ा है। साथ ही, ICC द्वारा महिला वर्ल्ड कप की प्राइज मनी बढ़ाना महिला क्रिकेट के लिए बड़ा प्रोत्साहन है। हालांकि उन्होंने यह भी माना कि अभी भी कई बाधाएं हैं, जिन्हें इस टूर्नामेंट के जरिए तोड़ना है।
गौरतलब है कि आईसीसी वूमेन्स ओडीआई वर्ल्ड कप 2025 में पाकिस्तान टीम 5 अक्टूबर को कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में टीम इंडिया से भिड़ेगी। इस मुकाबले का फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इस बार वर्ल्ड कप में कुल 8 टीमें शिरकत करेंगी। इनमें पाकिस्तान और भारत के अलावा ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, साउथ अफ्रीका, श्रीलंका और बांग्लादेश शामिल हैं।