Advertisement

कबड्डी कोच को नहीं मिलेगा द्रोणाचार्य अवॉर्ड, खेल मंत्रालय ने हटाया कटारिया का नाम

द्रोणाचार्य पुरस्कारों के लिये की गयी सिफारिशों में यह दूसरा नाम है जो सूची से हटाया गया है। इससे पहले पैरा स्पोर्ट्स कोच सत्यनारायण का नाम इस सूची से हटाया गया था।
कबड्डी कोच को नहीं मिलेगा द्रोणाचार्य अवॉर्ड, खेल मंत्रालय ने हटाया कटारिया का नाम

सरकार के द्रोणाचार्य पुरस्कारों के लिये कोचों के नामों को आधिकारिक मंजूरी देने के तीन दिन बाद कबड्डी कोच हीरानंद कटारिया का नाम इस सूची से हटा दिया गया है। केंद्रीय खेल मंत्री विजय गोयल ने शनिवार को इस बात की पुष्टि की। गोयल ने कहा, 'कमेटी ने जिन नामों को प्रस्तावित किया था उनमें से दो को द्रोणाचार्य की सूची से हटा दिया गया है और इन नामों के बारे में आप सभी जानते हैं।'

द्रोणाचार्य पुरस्कार समिति ने कटारिया की कबड्डी में योगदान के लिए सिफारिश की थी जबकि वह वुशू संघ में संयुक्त सचिव हैं और उनके बारे में दी गई जानकारियां सही नहीं पायी गयीं। कटारिया के चयन पर कबड्डी खिलाड़ियों और कोचों ने हैरानी जताई थी जिसके बाद अब कटारिया का नाम द्रोणाचार्य पुरस्कार सूची से हटा दिया गया है।

कबड्डी खिलाड़ियों ने कथित तौर पर यह तक दावा किया था कि उन्हें पता ही नहीं कि कटारिया कौन हैं। इससे पहले खेल मंत्री विजय गोयल ने कहा था कि वह समिति की सिफारिश के अनुसार चलेंगे लेकिन विरोध में तथ्य सामने आने पर वह कार्रवाई कर सकते हैं। पता चला है कि मंत्री ने इसके बाद कुछ कदम उठाए और अंतत: पता चला कि कटारिया इसके हकदार नहीं हैं।

द्रोणाचार्य पुरस्कारों के लिये की गयी सिफारिशों में यह दूसरा नाम है जो सूची से हटाया गया है। इससे पहले पैरा स्पोर्ट्स कोच सत्यनारायण का नाम इस सूची से हटाया गया था। सत्यनारायण के खिलाफ एक आपराधिक मामला अदालत में लंबित था। यह पहली बार नहीं है जब राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों की अधिसूचना के बाद किसी व्यक्ति के नाम को हटाया गया है। ट्रिपल जंपर रंजीत महेश्वरी के नाम को भी 2013 में अर्जुन पुरस्कार सूची से उस समय हटा दिया गया था जब पता चला था कि 2008 में उन्होंने प्रतिबंधित पदार्थ (एपहर्डिन) का सेवन किया था।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad