Advertisement

हिमाचल के मंडी में सवारियों से भरी बस खाई में गिरी; आठ लोगों की मौत, 21 घायल

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में एक सरकारी बस पहाड़ी सड़क से फिसलकर 100 फीट नीचे गिर गई, जिससे चार महिलाओं...
हिमाचल के मंडी में सवारियों से भरी बस खाई में गिरी; आठ लोगों की मौत, 21 घायल

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में एक सरकारी बस पहाड़ी सड़क से फिसलकर 100 फीट नीचे गिर गई, जिससे चार महिलाओं सहित आठ लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी।

यह दुर्घटना मसेरन के निकट तरंगला में उस समय हुई जब हिमाचल सड़क परिवहन निगम (एचआरटीसी) की बस, जिसमें चालक और कंडक्टर सहित 29 लोग सवार थे, सरकाघाट से जिले के दुर्गापुर जा रही थी।

पुलिस ने बताया कि पांच लोगों को सिविल अस्पताल सरकाघाट, दो को राजकीय मेडिकल कॉलेज नेरचौक और एक को एम्स बिलासपुर में मृत घोषित कर दिया गया।

उन्होंने बताया कि 17 घायलों का राजकीय मेडिकल कॉलेज नेरचौक, एम्स बिलासपुर और आरकेजीएमसी हमीरपुर में इलाज चल रहा है, जबकि चार घायलों का सिविल अस्पताल सरकाघाट में इलाज चल रहा है।

स्थानीय निवासियों ने दुर्घटना देखी और तुरंत पुलिस को सूचित किया। मंडी की एसपी साक्षी वर्मा ने बताया कि स्थानीय पुलिस और एम्बुलेंस टीमें तुरंत घटनास्थल पर पहुँचीं और बचाव अभियान चलाया, और पीड़ितों को खड़ी ढलान से बाहर निकाला।

घटनास्थल पर मौजूद वर्मा ने बताया कि दुर्घटना का कारण अभी पता नहीं चल पाया है।

कुछ रिपोर्टों में कहा गया है कि एक घायल महिला यात्री ने एक व्यक्ति से, जिसने उसकी मदद की थी, डेढ़ लाख रुपये से भरा उसका बैग लाने को कहा। मददगार ने बैग ढूंढा और घायल महिला को सौंप दिया।

उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, जो परिवहन विभाग का भी प्रभार संभालते हैं, ने एम्स बिलासपुर में घायलों से मुलाकात की।

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने घटना पर दुख व्यक्त किया है और मंडी जिला प्रशासन को मृतकों के परिजनों को अनुग्रह अनुदान तथा घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।

उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति तथा शोक संतप्त परिवारों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

इस बीच, मंडी से भाजपा सांसद कंगना रनौत ने भी हादसे में हुई मौतों पर दुख जताया है। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और शोक संतप्त परिवारों को यह दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad