Advertisement

सीबीआई ने आरजी कर मेडिकल कॉलेज के पूर्व प्राचार्य के खिलाफ साक्ष्यों से छेड़छाड़ का आरोप जोड़ा, पुलिसकर्मी गिरफ्तार

केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने प्रशिक्षु चिकित्सक से दुष्कर्म-हत्या के मामले में आरजी कर मेडिकल...
सीबीआई ने आरजी कर मेडिकल कॉलेज के पूर्व प्राचार्य के खिलाफ साक्ष्यों से छेड़छाड़ का आरोप जोड़ा, पुलिसकर्मी गिरफ्तार

केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने प्रशिक्षु चिकित्सक से दुष्कर्म-हत्या के मामले में आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के पूर्व प्राचार्य संदीप घोष के खिलाफ शनिवार को साक्ष्यों से छेड़छाड़ का आरोप जोड़ा। जांच एजेंसी के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। घोष फिलहाल भ्रष्टाचार के एक मामले में न्यायिक हिरासत में हैं।

अधिकारी ने बताया कि आरजी कर अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात प्रशिक्षु चिकित्सक के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म और फिर उसकी हत्या के मामले में कथित संलिप्तता के लिए एजेंसी ने ताला पुलिस थाने के प्रभारी अभिजीत मंडल को भी गिरफ्तार किया है। अस्पताल ताला पुलिस थाने के अधिकार क्षेत्र में आता है। दुष्कर्म और हत्या मामले में अब तक तीन लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। 

नौ अगस्त को महिला परास्नातक प्रशिक्षु चिकित्सक का शव अर्धनिर्वस्त्र अवस्था में अस्पताल के संगोष्ठी कक्ष से बरामद किया गया था। सीबीआई अधिकारियों ने शनिवार को यहां सीजीओ कॉम्प्लेक्स स्थित कार्यालय में मंडल से कई घंटों तक पूछताछ की, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं देने पर शाम को उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

अधिकारी ने बताया कि घोष और पुलिस अधिकारी दोनों को सबूत मिटाने और अन्य आरोपों में गिरफ्तार किया गया है। मंडल पर प्राथमिकी दर्ज करने में देरी करने का भी आरोप है।

सीबीआई अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘पुलिसकर्मी से पहले आठ बार पूछताछ की जा चुकी है और हर बार उसने अलग-अलग बयान दिए। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है और कल अदालत में पेश किया जाएगा।’’

इससे पहले, दुष्कर्म-हत्या के मामले में कोलकाता पुलिस ने एक नागरिक स्वयंसेवक को गिरफ्तार किया जा चुका है। कलकत्ता उच्च न्यायालय के आदेश के बाद इस मामले की जांच अब सीबीआई कर रही है।गिरफ्तारी के बाद होने वाली चिकित्सा जांच के लिए उसे अस्पताल ले जाया गया।

केंद्रीय एजेंसी ने अस्पताल में वित्तीय अनियमितताओं के एक मामले में घोष को दो सितंबर को गिरफ्तार किया था। अधिकारी ने बताया कि केंद्रीय एजेंसी ने घोष की हिरासत के लिए अदालत में अपील की थी। अधिकारी ने बताया कि अदालत ने जेल अधिकारियों से उसे सीबीआई हिरासत में भेजने के लिए कहा था।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad