Advertisement
13 नवंबर 2023 · NOV 13 , 2023

सप्तरंग

ग्लैमर जगत की हलचल
राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार विजेता

सितारों का जमावड़ा

दिल्ली का विज्ञान भवन एक बार फिर सितारों की मौजूदगी से जगमगा उठा था। मौका था, राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह का। चौहदवीं का चांद, प्यासा, गाइड में अविस्मरणीय भूमिकाएं निभाने वाली वहीदा रहमान को फिल्म उद्योग के सर्वोच्च सम्मान दादा साहेब फाल्के से नवाजा गया। 69वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में इस बार गंगूबाई काठियावाड़ी के लिए आलिया भट्ट, मिमी के लिए कृति सेनन को संयुक्त रूप से श्रेष्ठ अभिनेत्री का राष्ट्रीय पुरस्कार मिला। आर. माधवन की फिल्म रॉकेट्रीः द नाम्बी इफेक्ट इस साल की सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म का अवॉर्ड ले गई। सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का अवॉर्ड जीतने वाले अर्जुन अल्लू पहले तेलुगु अभिनेता हैं। उन्हें यह अवॉर्ड उनकी सुपरहिट फिल्म पुष्पाः द राइज के लिए दिया गया। अल्लू की फिल्म का जादू पूरे देश के सिर चढ़ कर बोला था। राष्ट्रीय एकता पर सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म के लिए नरगिस दत्त पुरस्कार द कश्मीर फाइल्स को मिला। सर्वश्रेष्ठ निर्देशक निखिल महाजन, गोदावरी के लिए और इस साल की संपूर्ण मनोरंजन प्रदान करने वाली सबसे लोकप्रिय फिल्म आरआरआर रही। आरआरआर विदेशों में भी अपनी सफलता के झंडे गाड़ चुकी है।  

परदे की परियां

हेमा मालिनी के साथ माधुरी दीक्षित

अपने 75वें साल में उनका जादू कम नहीं हुआ है। ड्रीम गर्ल हेमा मालिनी के साथ धक-धक गर्ल माधुरी दीक्षित की परदे पर सक्रियता भले ही कम हो गई हो लेकिन ताजगी दोनों की आज भी बरकरार है। हेमा के जन्मदिन पर यूं तो फिल्मी कलाकारों की बहुत भीड़ जमा हुई, लेकिन माधुरी के पतिदेव दिल का हाल जानने वाले डॉ. श्रीराम नेने की खींची इस सेल्फी ने तस्वीर को अनमोल बना दिया।

मैं भी सिंघम

दीपिका पादुकोण

सर पर जख्म, हाथ में बंदूक और एक किलर मुस्कान। दीपिका पादुकोण का लुक आते ही छा गया। रोहित शेट्टी के पॉपुलर कॉप फिल्म सिंघम को इतना प्यार मिला कि जिसे देखो, सिंघम बनने को बेताब है। दो किस्तो में पुरुष सिंघम ने नाम कमाया अब बारी लेडी कॉप की है। यह ऐसी वैसी पुलिस वाली नहीं है, बल्कि कुशल अधिकारी है। एक्शन सीन में रंग जमा देने वाली लंबी-छरहरी दीपिका यहां भी कम नहीं बैठेंगी।

पंगा खत्म

करण जौहर के साथ कार्तिक आर्यन

बॉलीवुड में सुलह सबसे अच्छा शब्द है। यदि यह सुलह करण जौहर जैसे फिल्मकार के साथ हो जाए, तो बात ही क्या। पंगे की तमाम खबरों के बीच, शहजादा के बाद एक अच्छी फिल्म का इंतजार कर रहे, कार्तिक आर्यन अब कॉफी विद करण के नए सीजन में नजर आने वाले हैं। दोस्ताना 2 में बेआबरू से निकाले गए कार्तिक अब शो पर बताएंगे कि आखिर हुआ क्या था।

Advertisement
Advertisement
Advertisement