Advertisement
04 मार्च 2024 · MAR 04 , 2024

सप्तरंग

ग्लैमर जगत की खबरें
कैरोलिना शाइनो

ताज छूटा

कैरोलिना शाइनो के मिस जापान बनने से पहले ही उनके साथ विवाद जुड़ गए थे। फिर, कुछ लोग इसी बात से खफा थे कि शाइनो का जन्म यूक्रेन में हुआ और सिर्फ जापानी पिता की संतान होने के कारण उन्हें जापानी नहीं माना जा सकता। परवरिश जापान में होने के कारण विवाद कुछ सुलझा ही था कि एक पत्रिका ने खुलासा करके सनसनी फैला दिया कि वे एक विवाहित पुरुष के साथ संबंध में हैं। फिर क्या था, नैतिक मानकों की दुहाई देते हुए उनसे ताज वापस ले लिया गया। अब पूरे साल मिस जापान का ताज खाली रहेगा।

मुड़ो तो ऐसे

करीना कपूर

कौन कहता है, बेबो बेबी झुकती नहीं हैं। भरोसा न हो, तो उनका चक्रासन पोज देख लीजिए। भले ही मिसेज करीना कपूर खान उल्टी तरह मुड़ी, लेकिन मुड़ी तो। फिटनेस के प्रति दीवानगी ने उन्हें इस कठिन आसन में महारत हासिल करने की लगन लगाई। छत पर रोज अभ्यास से क्रू स्टार करीना ने अपना लक्ष्य हासिल कर ही लिया। अब आप कहते रहिए कि बेबो गलती करती हैं पर झुकती नहीं हैं। भले ही झुकने में उनमें इतनी लचक न हो, लेकिन मुड़ने में उनका कोई सानी नहीं है।

गुनाह ए गंधर्व

दर्शन जरीवाला

सिने ऐंड टीवी आर्टिस्ट एसोसिएशन के उपाध्यक्ष और कार्यकारी सदस्य दर्शन जरीवाला को पद छोड़ना पड़ा। फिल्म उद्योग में जाना-पहचाना चेहरा दर्शन अपनी संजीदा भूमिकाओं के लिए जाने जाते हैं। एक महिला ने आरोप लगाया कि उन्होंने एक मंदिर में उनसे ‘गंधर्व’ विवाह किया और अब उसे अपनाने से इनकार कर रहे हैं।

बिछुड़ा जोड़ा

ईशा देओल

कितने अजीब रिश्ते हैं यहां पर। फिल्म उद्योग में आज रिश्ता बना और कल टूटा। इस टूट-फूट पर किसी को आश्चर्य भी नहीं होता। लेकिन बड़े अरमान से भरत तख्तानी की दुल्हन बनी ईशा देओल जब ‘सहमति’ से अलग होने की घोषणा कर रही थीं, तब आखिर क्यों आवाजें तैर रही थीं। सहमति की सबसे अच्छी बात ही यह होती है कि इसमें गॉसिप की गुंजाइश नहीं बचती। लेकिन फिर कहानियां पकती हैं, जो सच्चाई से ज्यादा खतरनाक होती है।

दिलेर आमंत्रण

जीनत अमान

एक कार्टून पर जेल भिजवा देने वाले नेता, मीम पर हाय-तौबा मचाने वाले बुद्धिजीवी जीनत अमान से सीख लें। इंस्टा पर सौंवी पोस्ट होने की खुशी में उन्होंने अपना एक बेहद खराब क्लियोपेट्रो लुक वाला फोटो डाल कर मीमजीवियों से अपील की कि वे उनके उस फोटो पर मीम बनाएं।

Advertisement
Advertisement
Advertisement