अंतरिक्ष यात्री
केरल के कोझीकोड में छोटी सी फालूदा आइसक्रीम की दुकान चलाने वाले उसके मालिक को शायद ही इतना नाम फिर कभी मिले। उनकी दुकान में वैसे तो बहुत से पर्यटक, यात्री आते रहते हैं लेकिन इस बार जो यात्री आईं, उसने समां बांध दिया। भारतीय मूल की सुनीता विलियम्स ने वहां खूब मजे से फालूदा खाया और लोगों से बात की। कई लोगों का कहना है कि इस टेबल को धरोहर मान कर इसे हमेशा के लिए ‘रिजर्व’ रखना चाहिए। क्या पता अगली बार वे कब आ जाएं।
हर जगह किंग

बॉलीवुड उन्हें किंग खान ही पुकारता है। लेकिन अब हकीकत में उनकी एक फिल्म किंग आ रही है। इस फिल्म की खास बात यह है कि उसमें वे अपनी बेटी सुहाना खान के साथ नजर आएंगे। इतने खास शाहरुख खान रियाद में जॉय अवॉर्डस में गए, तो अमेरिकी पॉप सिंगर कैट पैरी भी खुद को उनके साथ पोज देने से नहीं रोक पाईं। मिले तो शाहरुख स्ट्रेंजर थिंग्स में अपनी भूमिका के लिए मशहूर बॉबी ब्राउन के साथ भी थे, लेकिन कैट के भारतीय प्रशंसकों को अपने किंग खान उन्हीं के साथ जंचे।
एक और आंधी

दक्षिण की फिल्में हिट होती हैं, तो उत्तर का फिल्म उद्योग खुशी से झूम उठता है, चलो एक और रीमेक का मसाला मिला! इस बार बॉलीवुड को यह खुशी साउथ के सुपरस्टार चिरंजीवी ने दी है। उनकी फिल्म माना शंकरा वारा प्रसाद गारू ने 14 दिन में ही 192.25 करोड़ रुपये कमा लिए हैं। अभी भी कमाई की आंधी थम नहीं रही है। 12 जनवरी को आई एक्शन-कॉमेडी तेलुगु फिल्म विदेश में भी नाम कमा रही है।
बवालवीर

तरुण तहलियानी और सब्यसाची ने ढेरों दुल्हनों के लिए शादी का जोड़ा बनाया होगा। लेकिन इस बार शादी का जोड़ा बनाने पर दोनों को तारीफ नहीं, तिरस्कार मिल रहा है। पाकिस्तानी दुल्हन शानजेह अली की लाल साड़ी में तस्वीर आते ही वहां की जनता को यह दुख की शरारा-गरारा के बजाय साड़ी पहनी, यहां की जनता को यह दुख की दुश्मन मुल्क की दुल्हन के लिए साड़ी डिजाइन की। उससे भी बड़ी बात दुल्हन के पति पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के नाती जुनैद सफदर हैं।
फैमिली ड्रामा

एकता कपूर को कोसने वालों को इंग्लैंड के पूर्व स्टार फुटबॉलर डेविड बैकहम और उनकी पत्नी विक्टोरिया की कहानी सुनना चाहिए। डेविड के बड़े बेटे ब्रुकलिन को अपनी मां से और उनकी पत्नी निकोला पेल्ट्ज को अपनी सास से ढेरों शिकायतें हैं। शादी के वक्त निकोला की सास ने समय पर ड्रेस तैयार नहीं की, वे उन्हें आजादी नहीं देतीं, उनके हर काम में दखलंदाजी करती हैं। बहू बुराई करे यहां तक तो चलता है लेकिन बेटे ने भी कह दिया कि उनकी मां हर बात में अपनी चलाती हैं।