दिलों की रानी
प्रियंका चोपड़ा जोनस के इस अजीब फैशन स्टेटमेंट से बाहर, सनफ्लावर यलो गाउन की असली कीमत मॉडल जीना संधू को पता है। द ब्लफ फिल्म के प्रीमियर पर पहुंची प्रियंका से जीना का आमना-सामना हुआ और बात करते-करते जीना इतनी भावुक हो गईं कि आंसू निकल पड़े। प्रियंका ने बिना एक भी पल गंवाए अपने गाउन से जीना के आंसू पोंछ दिए। बस फिर क्या था, शब्द बदल गए, जज्बात बदल गए।
दूसरी बार

यूं तो हार्दिक पांड्या कहीं के राजा नहीं हैं लेकिन अपनी नई वाली गर्लफ्रेंड माहिका शर्मा को उन्होंने किसी रानी सा महसूस कराने में कोई कसर नहीं छोड़ी। तस्वीर में उनकी शक्ल भले ही न दिख रही हो लेकिन माहिका के आलिंगन से ही पता चल रहा है कि 25वें साल में कदम रखने वाली इस लड़की को पता है कि पुरुष दूसरी बार प्यार में तभी पड़ता है, जब किसी में वाकई कोई खास बात हो। प्यार से ज्यादा खास।
दूसरे पंडित जी

पंडित जी का इन दिनों बोलबाला है। अभी हाल ही में घूसखोर पंडत ने विवादी सुर्खियां बटोरी थीं। कुछ की भावनाएं जो आहत होने लगीं। लेकिन पंडित की चमक ऐसी है कि हॉलीवुड उन्हें सम्मान के साथ ले रहा है। दरअसल बीटल्स नाम से बन रही फिल्म में अपने देसी बॉय फरहान अख्तर पंडित रविशंकर की भूमिका निभाएंगे। पंडित-पंडित की लड़ाई में ये वाले भारी पड़ गए। लेकिन इस लड़ाई में यह न भूलना कि यह अख्तर साब का हॉलीवुड डेब्यू है।
मेक्रां की महफिल

भारत आने पर ताज के दीदार तो बहुत लोग करते हैं, लेकिन फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मेक्रां ने कुछ अलग किया। लोग कह रहे हैं कि यह बॉलीवुड की धमक है, तो यह मानना ही होगा क्योंकि मैक्रां ने अपनी व्यस्त दिनचर्या से समय निकाला और बॉलीवुड के कुछ कलाकारों के साथ मिलने पहुंच गए। मनोज वाजपेयी, अनिल कपूर, ऋचा चड्ढा, जोया अख्तर, शबाना आजमी और रिकी केज ने मेक्रां को ठेठ बॉलीवुड की कहानियों के बारे में कितना बताया यह तो पता नहीं लेकिन खबरें, जो बाहर आईं, उसके अनुसार भारत-फ्रांस मिल कर सिनेमा में साझेदारी का विचार कर रहे हैं।
बीस साल बाद

दो दशक बाद शकीरा के भारतीय प्रशंसक वाका-वाका गर्ल को लाइव कंसर्ट में सुन सकेंगे। अभी सिर्फ यह जानकारी बाहर आई है कि पॉप क्वीन शकीरा मुंबई और दिल्ली में परफॉर्मेंस देंगी। बस इस छोटी सी खबर ने ही प्रशंसकों की धड़कने बढ़ा दी हैं। कब, कहां और कितने पैसे तो अभी दूर की बात है। हिप्स डोंट लाइ स्टार शकीरा खुद भी भारत आने को बेचैन हैं। बच्चों के पोषण के लिए उनके टूर का नाम होगा, फीडिंग इंडिया कंसर्ट। पॉप और पोषण साथ चलेगा।