Advertisement
30 मार्च 2026 · MAR 30 , 2026

सप्तरंग

ग्लैमर जगत की खबरें
अहान पांडे

दर्द के रहगुजर

अहान पांडे ने सैयारा से इतना नाम कमा लिया है कि उन्हें काम की कोई कमी ही नहीं रहेगी। यह धारणा उनके बारे में बनी और वे हैं कि कहीं दिखाई ही नहीं दे रहे हैं। जब उनकी अगली फिल्म की घोषणा हुई, तब कहीं जाकर पता चला कि सैयारा स्टार के कंधे में भयंकर दर्द के कारण उन्हें सर्जरी से गुजरना पड़ा। डॉक्टर ने कहा था कि सर्जरी के बाद उनका वजन तेजी से कम होगा और दोबारा बॉडी बनाना शायद उनसे न हो सके। लेकिन अहान ने हार नहीं मानी और दोबारा जोश से काम के लिए कूद ही गए। अब यह तो उन्हें ही पता है कि सैयारा में उनकी भूमिका का दर्द ज्यादा था या सर्जरी का।

रंग चोखा

रश्मिका मंदाना

इस इवेंटफुल ‘शादी’ की हर बात निराली थी। विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना ने साबित कर दिया कि मार्केटिंग स्ट्रेटजी ऐसी हो कि हींग लगे न फिटकरी और रंग चोखा आए। हफ्ते भर तक उनकी शादी पर पगलाई जनता समझ ही नहीं पाई कि इस शादी की आड़ में उन्होंने अपनी नई फिल्म रणबली का पोस्टर जारी कर दिया, एक बढ़िया विज्ञापन फिल्म बीच में धकेल दी और इन सबको मिला कर पूरे दस दिन मीडिया में बने रहे। इतना प्रचार का बिल करोड़ों में बनता और नवदंपती ने सूझबूझ से इसे मुफ्त में करा लिया। इसे कहते हैं दो की मजबूत टीम। 

घर जाऊं कैसे

एलनाज नौरोजी

ईरान की अभिनेत्री एलनाज नौरोजी इन दिनों भारत में रह कर हिंदी सिनेमा उद्योग में पैर जमाने की कोशिश कर रही हैं। एलनाज का कहना है कि वे पहले वाली सरकार और वहां के सर्वोच्च नेता के खिलाफ इतना कुछ बोल चुकी हैं कि उन्हें नहीं लगता कि वे जल्द घर लौट पाएंगी। उनका कहना है, वे भारत में सुरक्षित महसूस करती हैं। ध्यान रहे ये एक अभिनेत्री का बयान है, किसी नेता का नहीं।    

वापसी

जस्टिन बीबर

कनाडाई गायक जस्टिन बीबर के बारे में अभी पिछले साल तक खबरें आने लगी थीं कि वे चुक गए हैं। लेकिन अवसाद के शिकार बीबर ने फिर से वापसी की है। बीबर ने हाल ही में अपनी पत्नी हेली के साथ 32वां जन्मदिन मनाया। बीबर ने लिखा कि वे अपना जन्मदिन किसी और के साथ मनाना नहीं चाहते थे। यह अलग बात है कि इस खास दिन उनकी मां पैटी मैलेट ने उनके बचपन की बहुत सी तस्वीरों के साथ खास संदेश लिखा। पैटी ने प्यार लुटाते हुए उन्हें भविष्य की बहुत सारी शुभकामनाएं दीं।

पानी-पानी

करण औजला

पंजाब के बड़े स्टार करण औजला दिल्ली आए, उनके आने की खबर ने शो के टिकट बढ़ाए, यहां तक का किस्सा सब एक-दूसरे को सुनाए लेकिन उसके बाद की कहानी कौन बताए? औजला के शो में भीड़ संभालने वाला कोई नहीं था, यह तो हर शो की कहानी होती है। शो में दस रुपये वाली पानी की बोतल सौ रुपये की बिकी। बच्चे पानी-पानी करते रहे मगर आयोजक इस अफरा-तफरी से पानी-पानी नहीं हुए। बाद में औजला को पता चला लेकिन तब तक जनता रील बना कर वीडियो वायरल कर चुकी थी। औजला ने क्या गाया, कैसे मजमा जमाया इस पर बात ही नहीं हुई। वायरल रीलों ने सब पर पानी फेर दिया। 

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement