Advertisement

सप्तरंग

ग्लैमर जगत की खबरें
जेलेंस्की और शॉन पेन

प्राथमिकता

हॉलीवुड कलाकार शॉन पेन को अदाकारी के अलावा भी पता है कि कब क्या करना है। जब 98वां ऑस्कर सम्मान समारोह चल रहा था और दुनिया भर की निगाहें, किसे क्या मिल रहा है इस पर लगी थीं, तब पेन वहां से दूर कीव में अपने ‘‘सच्चे दोस्त’’ युक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की के साथ थे। पेन को वन बैटल आफ्टर अनादर के लिए सहायक अभिनेता का अवॉर्ड मिला है। पेन शुरू से ही रूस के हमले की निंदा कर युक्रेन का समर्थन कर रहे हैं। पेन ने इस पर सुपरपावर नाम से एक डॉक्यूमेंट्री भी बनाई है। चकाचौंध से दूर रह कर पेन ने बता दिया कि सच्चे कलाकार कैसे होते हैं। 

सरहद पार की हवा

जहांगीर

नब्बे के दशक का शायद ही कोई बच्चा होगा, जो ‘हवा-हवा ऐ हवा खुश्बू लुटा दे...’ से अनजान होगा और इस ‘हवा’ की गिरफ्त में न आया हो। एक वह वक्त था जब हसन जहांगीर का नाम घर-घर गूंजा था और एक यह वक्त है, जब हिंदी फिल्म धुरंधर की वजह से फिर जहांगीर लोगों को याद आ गए। हालांकि धुरंधर का दूसरा भाग भी आ गया लेकिन जहांगीर ने दो मुल्कों की सारी तल्खी भूल कर बताया कि फिल्म बनाते वक्त किया गया वादा निभाया गया और उन्हें इस गाने को इस्तेमाल करने के ‍एवज में 50,000 डॉलर मिले। जहांगीर का कहना है, इजाजत मांगना ही बहुत था, पैसे तो बाद की बात है।

जैसे सबके दिन फिरे

संजय कपूर

लगता है, पुराने बक्से से ही सब कुछ खंगाला जा रहा है। कहानी, किरदार और कलाकार भी। बॉबी देओल, अक्षय खन्ना के बाद संजय कपूर का नंबर आ गया है। प्रकाश (झा) बाबू ने अपनी पुरानी फाइल खोल कर राजनीति की एक कहानी निकाल ली और उसे इस बार नाम दिया, संकल्प। संजय कपूर कलफ लगा कुर्ता, बंडी पहन कर कैमरे के सामने आए और छा गए।

अप्रैल फूल

टॉम हॉलैंड और जेंडाया

टॉम हॉलैंड और जेंडाया की शादी की तस्वीरें वायरल होते ही पहले तो हल्ला मचा कि दोनों ने शादी का फैसला कब लिया पता नहीं चला। आखिर पहले न पता चल पाने का दुख तो समझा ही जा सकता है। फिर तस्वीरें इतनी शानदार थी कि दूसरा दुख यह हुआ कि हाय हम वहां क्यों न थे। इतने लोग और एक भी चेहरा पहचाना नहीं। इन दो तरह के दुखों से लोग उबर भी न पाए थे कि जेंडाया ने एक पॉडकास्ट में कहा कि उन्होंने कभी शादी की ही नहीं। उन्होंने एआइ से तस्वीरें बना कर पोस्ट कर दीं। तस्वीरें भले ही नकली हों लेकिन यकीन जानिए खुराफात बिलकुल असली है। 

सबूत

सारा अली खान

जल्द ही सारा अली खान की माथे पर चंदन लगाए, शिव के सामने ध्यान लगाई हुई फोटूएं बीते दिनों की बात हो जाएगी, क्योंकि नई फोटो खिंचवानी उनके लिए जरा टेढ़ी खीर हो गई है। बद्री-केदार समिति ने कहा है कि सारा यहां आना चाहती हैं तो उन्हें अपने सनातनी होने का एफिडेविट देना होगा। तो जल्द ही या तो वह ‘मैं सारा अली खान घोषित करती हूं कि मैं...’ लिखेंगी या वहां से दूरी बना लेंगी। 

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement