Advertisement
20 फरवरी 2023 · FEB 20 , 2023

खेल अजूबा: ‘‘भ्रष्ट और चरित्रहीनों के खिलाफ लड़ाई’’

पदक जीतने पर तिरंगे को अपने शरीर से लगाकर गौरान्वित होने वाली बेटियां यूं ही किसी पर अपने ‘कपड़े फाड़ने’ का आरोप नहीं लगातीं।
निशाने परः कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष, भाजपा सांसद बृजभूषण

पुरुषों का खेल माने जाने वाली कुश्ती में भी हमारी पहलवान बेटियों ने देश-दुनिया में देश का नाम रोशन किया मगर खेल संघों में बृजभूषण जैसे कर्ताधर्ता कई उभरते खिलाड़ियों की जिंदगी में अंधेरा करें, उससे पहले ही उन्हें खेल संघों से दूर करने की जरूरत है। खेल संघों में भरे पड़े बृजभूषण जैसे लोगों के बदले अनुभवी खिलाड़ियों को ही खेल संघों का दायित्व सौंपा जाना चाहिए।

सांसद होने का गलत फायदा उठाकर 2011 से भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष पद पर काबिज बृजभूषण के अलावा कई पुरुष कोच पर भी महिला कुश्ती पहलवानों के योन शोषण के आरोप हैं। मेरी भतीजी विनेश फोगाट ने तो कोई एक साल पहले अपनी मां को बृजभूषण द्वारा यौन शोषण की करतूत के बारे में बताया था। मामले को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से लेकर कई केंद्रीय नेताओं के संज्ञान में लाया गया मगर कोई कार्रवाई नहीं हुई। पानी सिर के ऊपर से गुजरता देख खिलाड़ी जंतर-मंतर पर धरना देने को मजबूर हुए। सरकार ने बृजभूषण पर कार्रवाई के लिए गठित जांच कमेटी की रिपोर्ट आने तक चार हफ्ते के लिए भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष पद से हटाया है मगर खिलाड़ियों का संघर्ष तब तक जारी रहेगा, जब तक ऐसे लोगों को खेल संघों से हटाया नहीं जाता। 

तीन राष्ट्रमंडल खेलों में तीन गोल्ड मेडल जीतने वाली मेरी भतीजी विनेश बताती है कि बृजभूषण खिलाड़ियों के होटल के उसी फ्लोर पर कमरे में ठहरता था, जहां महिला पहलवाल ठहरती थीं, और यह नियमों के खिलाफ है। लखनऊ में घर होने की वजह से वह खिलाड़ियों के ज्यादातर कैंप भी लखनऊ में लगवाता था। फरवरी में भी लखनऊ में कैंप लगाए जाने थे, जिन्हें फिलहाल रद्द कर दिया गया। बृजभूषण और कोच नेशनल कैंप में महिला पहलवानों का यौन उत्पीड़न करते आए हैं। कई महिला पहलवानों ने इसकी शिकायत भी की। खेल मंत्रालय ने अब साक्षी मलिक समेत चार पहलवानों के प्रतिनिधमंडल को बातचीत के लिए बुलाया है।

टोक्यो ओलंपिक में हार के बाद से बृजभूषण मेरी भतीजी विनेश को खोटा सिक्का कहकर मानसिक रूप से प्रताडि़त कर रहा है। खेल संघों के ओहदेदारों में कई भ्रष्ट व चरित्रहीन व्यक्तियों के खिलाफ हमारे खिलाड़ियों के आत्मसम्मान की लड़ाई जारी रहेगी। खिलाड़ियों का मनोबल न टूटे, इसके लिए किसी चरित्रहीन राजनीतिक व्यक्ति के बजाय किसी अच्छे पहलवान को ही भारतीय कुश्ती संघ का अध्यक्ष बनाया जाना चाहिए।

राष्ट्रमंडल खेलों में सबसे अधिक मैडल लाने वाले हरियाणवी खिलाड़ियों से भेदभाव करने वाले बृजभूषण ने हमेशा अपनी सुविधा और लालच के मद्देनजर कुश्ती की राष्ट्रीय प्रतियोगिताएं ऐसी जगहों पर करवाई जहां कुश्ती के एक भी खिलाड़ी नहीं हैं। 80 प्रतिशत कुश्ती के पहलवान हरियाणा से हैं लेकिन जबसे बृजभूषण अध्यक्ष बना है तबसे हरियाणा में एक भी राष्ट्रीय प्रतियोगिता नहीं कराई गई। खिलाड़ियों की प्रायोजित राशि में भी भ्रष्टाचार की जांच की गुहार केंद्रीय खेल मंत्री से लगाई है। भारतीय खेल प्राधिकरण(साई)की मेस में खिलाड़ियों के खाने तक में भ्रष्टाचार की मिलावट है। पटियाला साई कैंप में रही मेरी चारों बेटियों गीता, बबीता, संगीता और रितु को कभी अच्छा खाना नहीं मिला इसलिए वे अपना खाना बनाती थीं। साई के घटिया खाने की शिकायत करने पर भी खिलाड़ियों को प्रताडि़त किया जाता है। पहलवानों के साथ हो रहे अन्याय के खिलाफ लंबी लड़ाई लड़ने को तैयार हैं।

महावीर फोगाट

(द्रोणाचार्य पुरस्कार विजेता कुश्ती कोच)

Advertisement
Advertisement
Advertisement