Advertisement

बुर्किना फासो के होटल में आतंकी हमला, 29 लोगों की मौत

अफ्रीकी देश बुर्किना फासो में एक होटल पर अलकायदा के हमले में 10 विदेशियों सहित कम से कम 29 लोग मारे गए हैं। राजधानी में हुआ यह अभूतपूर्व हमला क्षेत्राीय जिहादियों की विस्तारित होती पहुंच को दर्शाता है।
बुर्किना फासो के होटल में आतंकी हमला, 29 लोगों की मौत

राजधानी ओगादोगू में यह हमला घंटों तक चला। बुर्किना फासो के सैनिकों ने फ्रांस के विशेष बलों की सहायता से आतंकवादियों के खिलाफ अभियान चलाया। विदेशियों और संयुक्त राष्ट्र के कर्मियों में लोकप्रिय चार सितारा स्प्लेंडिड होटल को निशाना बनाने वाले आतंकवादियों में दो महिलाएं भी शामिल थीं। आतंकियों ने सैकड़ों लोगों को बंधक बना लिया।

बुर्किना फासो ने हमले के बाद तीन दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है। इस हमले ने पड़ोसी देश माली में एक आलीशान होटल पर हुए अलकायदा के हमले की याद दिला दी है जिसमें 20 लोग मारे गए थे। मरने वालों में ज्यादातर विदेशी थे। पिछले महीने ही पद संभालने वाले राष्ट्रपति रोश मार्क क्रिस्टियन काबोरे ने रेडियो और टेलीविजन संबोधनों में कहा, बुर्किना फासो सदमे में है। उन्होंने कहा, इतिहास में पहली बार हमारा देश सिलसिलेवार बर्बर आतंकी हमलों का शिकार हुआ है।

हमला शुक्रवार को शाम सात बजकर 45 मिनट पर शुरू हुआ जब अज्ञात संख्या में आए हमलावरों ने ओगादोगू के मध्य में स्थित 147 कमरों वाले स्प्लेंडिड होटल पर धावा बोल दिया। एक संवाददाता ने बताया कि पगड़ी पहने तीन हमलावरों ने शहर के मुख्य आम रास्तों में से एक अवेन्यू क्वामे एनकु्रमाह पर गोलीबारी की।

होटल और इसके आसपास के इलाके युद्ध के मैदान में तब्दील हो गए क्योंकि बुर्किना फासो के सैनिकों ने होटल का नियंत्रण हासिल करने के लिए शहर में मौजूद फ्रांस के विशेष बलों की मदद से रात लगभग दो बजे अभियान शुरू किया। होटल और पास के रेस्तरां पर हुए हमले में छह कनाडाइयों, फ्रांस के दो, स्विटजरलैंड के दो नागरिकों और एक अमेरिकी सहित 29 लोग मारे गए। गृहमंत्री सिमोन कंपोरे ने कहा कि तीन नौजवान जिहादियों के शवों की पहचान कर ली गई है। वे सभी पुरूष थे। एक सुरक्षा सूत्र ने इससे पहले कहा था कि कम से कम चार आतंकवादी मारे गए हैं जिनमें से दो महिलाएं हैं। 

अलकायदा इन इस्लामिक मगरेब ने एक सहयोगी संगठन की ओर से हमले की जिम्मेदारी ली है और कहा है कि फ्रांस और नास्तिक पश्चिम से बदला लेने के लिए पूर्वी फ्रांसीसी उपनिवेश पर हमला किया गया। बुर्किना फासो में छोटी सी सैन्य टुकड़ी रखने वाले अमेरिका ने इस बीच कहा कि स्प्लेंडिड होटल का नियंत्रण पुन: हासिल करने के प्रयास में फ्रांसीसी बलों की मदद का उसने समर्थन किया।

 

 

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
  Close Ad