Advertisement

अमेरिका में 24 घंटे में दूसरी गोलीबारी, टेक्सास में 20 और ओहायो में गई नौ लोगों की जान

संयुक्त राज्य अमेरिका में 24 घंटे में गोलीबारी की दूसरी घटना का मामला सामने आया है। अमेरिका में ओहायो...
अमेरिका में 24 घंटे में दूसरी गोलीबारी, टेक्सास में 20 और ओहायो में गई नौ लोगों की जान

संयुक्त राज्य अमेरिका में 24 घंटे में गोलीबारी की दूसरी घटना का मामला सामने आया है। अमेरिका में ओहायो के डेटॉन शहर में हुई इस घटना में कम से कम 9 लोगों की मृत्यु हो गई है। वहीं 16 लोग जख्मी हो गए हैं।बता दें कि मरने वालों में शूटर भी शामिल है। अमेरिका में पिछले 24 घंटों के अंदर गोलीबारी का यह दूसरा बड़ा हादसा है। इससे पहले टेक्सास में हुई गोलीबारी में 20 लोगों की जान चली गई थी वहीं 26 लोग घायल हो गए थे।

टेक्सास प्रांत की घटना पर एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि उनके पास कई हमलावरों के होने की रिपोर्ट है। वे इलाके में तलाशी अभियान चला रहे हैं। बताया जा रहा है कि तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है, जिसमें एक 21 वर्षीय युवक भी शामिल है। सीएनएन ने अल पासो के मेयर के चीफ ऑफ स्टाफ ओलिविया जीपेडा के हवाले से बताया कि मॉल में गोलीबारी में कई लोगों की मौत हो गई।

घटना को लेकर टेक्सास के गवर्नर ने कहा कि यह टेक्सास के इतिहास के सबसे घातक दिनों में से एक था। उन्होंने कहा कि यह अमेरिकी इतिहास में मास शूटिंग का 8वां मामला है। इससे पहले साल 1984 में सैन यसिड्रो में शूटिंग में 21 लोग मारे गए थे।

ट्रंप ने जताया दुख

गोलीबारी को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति ने भी खेद व्यक्त किया है। ट्रंप ने ट्वीट कर कहा कि रिपोर्ट बहुत दर्दनाक हैं और बहुत से लोग मारे गए हैं। उन्होंने बताया कि कानून के हिसाब से कार्रवाई की जा रही है। ट्रंप ने कहा, 'घटना के संबंध में गवर्नर से बात हुई है। फेडरल गवर्नमेंट का पूरा समर्थन रहेगा। भगवान आप सभी के साथ है।'

सुबह 10 बजे हुई घटना

टेक्सास के लेफ्टिनेंट गवर्नर डैन पैट्रिक ने बताया कि गोलीबारी में 20 लोग मारे गए हैं। पैट्रिक ने फॉक्स न्यूज को बताया कि हमारे पास 15 और 20 लोगों की मारे जाने की जानकारी है। ये घटना स्थानीय समयानुसार सुबह 10 बजे हुई।

एक हफ्ते के भीतर दूसरी घटना

यह अमेरिका में वॉलमार्ट स्टोर में एक हफ्ते से भी कम समय में दूसरी गोलीबारी की घटना है। पिछले हफ्ते कैलिफोर्निया के गिलरॉय में गिलरॉय गार्लिक फेस्टिवल में फायरिंग हुई थी, जिसमें 3 लोगों की मौत हो गई थी।

वहीं, जून के आखिरी सप्ताह में भी टेक्सास में गोलीबारी की दो घटनाएं हुईं। स्थानीय पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। अमेरिकी समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक डलास स्ट्रिप क्लब के बाहर एक 28 वर्षीय व्यक्ति को इरादतन गोली मार दी गई। पुलिस के मुताबिक, पीड़ित और संदिग्ध क्लब के पास पार्किंग स्थल पर थे, तभी संदिग्ध ने गोलीबारी करनी शुरू कर दी।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad