कोरोना वायरस महामारी की वजह से पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था पर मंदी की तलवार लटक रही है। करोड़ों लोगों की नौकरी जा चुकी है। इस बीच अब अमेरिकी कंपनी वाल्ट डिज्नी वर्ल्ड ने शनिवार को कहा है कि वो 11 हजार कर्मचारियों की और छंटनी करेगा। इसके बाद कंपनी के फ्लोरिडा स्थित रिसॉर्ट में महामारी की वजह से नौकरी गंवाने वाले कुल कर्मचारियों की संख्या 18 हजार से अधिक हो जाएगी।
पिछले महीने डिज्नी वर्ल्ड कंपनी ने कोरोना संकट की वजह से 28 हजार अधिक कर्मचारियों की छंटनी करने का फैसला किया था। 11,350 कर्मचारियों की छटनी करने का फैसला इसी योजना का हिस्सा है।
डिज्नी वर्ल्ड के 11,350 कर्मचारियों ने एक संगठन बनाया है। इसमें अधिकतर अंशकालिक कर्मचारी हैं। कंपनी ने संगठन को लिखे पत्र में कहा है कि वो इन कर्मचारियों की इस साल के अंत तक छंटनी करेगा। कंपनी के अधिकारियों ने पूर्व में कहा था कि फ्लोरिडा में संघ से बाहर वाले 6,400 कर्मचारियों की छंटनी भी की जाएगी।
अमेरिका का बजट घाटा चालू वित्त वर्ष के पहले 11 माह में 3 हजार अरब डॉलर के सबसे अत्यधिक स्तर पर पहुंच गया है। इससे पहले 11 माह की अवधि में बजट घाटे का रिकॉर्ड 2009 में बना था। मौजूदा बजट घाटा पिछले रिकॉर्ड से दोगुना से अधिक है। अमेरिकी वित्त विभाग की तरफ से हाल ही में ये जानकारी दी गई थी। अमेरिकी सरकार को कोरोना महामारी के प्रभाव को कम करने के लिए बड़ी राशि खर्च करनी पड़ी है, जिससे असर बजट घाटे पर पड़ा है।
 
                                                 
                             
                                                 
                                                 
                                                 
			 
                     
                    