Advertisement

स्नोजिला तूफान के कहर से अमेरिका हलकान, 18 लोगों की मौत

अमेरिका में आए बर्फीले तूफान स्नोजिला ने पूरे ईस्ट कोस्ट में जनजीवन लगभग अस्त व्यस्त कर दिया। इससे कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई और करीब 8.5 करोड़ लोग प्रभावित हुए हैं जिसके चलते 10 राज्यों में आपातस्थिति घोषित करनी पड़ी है।
स्नोजिला तूफान के कहर से अमेरिका हलकान, 18 लोगों की मौत

स्नोजिला नाम के इस बर्फीले तूफान से अमेरिका के उत्तर पूर्वी क्षेत्र का अधिकांश हिस्सा थम सा गया। करीब तीन फुट उंची बर्फ की मोटी परत जम गई। न्यूयार्क और वाशिंगटन डीसी में परिवहन संपर्क ठप्प हो गया। करीब 8.5 करोड़ बाशिंदे इस तूफान से प्रभावित हुए हैं क्योंकि न्यूयार्क और राजधानी वाशिंगटन डीसी सहित अमेरिका के बड़े शहरों में जनजीवन ठहर सा गया है। करीब दो लाख लोगों के घरों की बिजली गुल हो गई है और हजारों उड़ानों का परिचालन रद्द कर दिया गया है जिससे हजारों की संख्या में यात्री विभिन्न जगहों पर फंस गए हैं।

 

तूफान की वजह से विभिन्न घटनाओं जैसे कारों की टक्कर, बर्फ हटाते समय या फिर हाइपोथर्मिया के कारण कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई। क्षेत्र में 15 से 25 इंच तक की बर्फ जमा हो गई। न्यूयार्क सिटी जैसे शहर ने कारों से यात्रा करने पर रोक लगा दी है और मेट्रो सेवाओं को भी रोक दिया है। न्यूयॉर्क सिटी के मेयर बिल डी ब्लेसियो ने गैर-आपात वाहनों के चालकों को चेतावनी दी है कि यदि वे यात्रा प्रतिबंध का उल्लंघन करेंगे तो उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। ब्लेसियो ने कहा, न्यूयॉर्क निवासियों को अब घर जाना चाहिए। हमें कारों को सड़कों से हटाना है ताकि हमारा तंत्र अपना काम कर सके और सड़कें आपात वाहनों के लिए खाली रह सकें। यात्रा की स्थिति खतरनाक है और हम न्यूयॉर्क के सभी निवासियों को तूफान के गुजरने तक सुरक्षित रखना चाहते हैं।

 

वाशिंगटन डीसी में मेट्रो सेवाओं को भी सप्ताहांत के लिए रोक दिया गया है। न्यू जर्सी के ओशनसिटी से आई खबरों में बर्फीले तूफान के कारण तटीय इलाके में भारी जलजमाव की जानकारी मिली है। न्यू जर्सी के गवर्नर क्रिस क्रिस्टी ने आपात स्थिति की घोषणा कर दी है। ईस्ट कोस्ट में हजारों उड़ानें रद्द कर दी गई हैं और लोगों से घरों के अंदर या किसी सुरक्षित स्थान पर रहने के लिए कहा गया है। अधिकारियों ने कहा कि सड़कों से बर्फ हटाने और स्थिति को सामान्य करने में उन्हें कई दिन लगेंगे। एक्यूवेदर के प्रमुख मौसम विज्ञानी एलियट अब्राम्स ने कहा, यह क्षेत्र के लिए एक दुर्लभ किस्म का मौका होगा क्योंकि यहां इतनी बर्फ लेकर आने वाले और 24 घंटे से अधिक समय तक प्रभावी रहने वाले तूफान ज्यादा नहीं आते हैं।

 

सीएनएन की खबर के अनुसार, क्षेत्र के पुलिस अधिकारियों ने कहा कि उन्हें कई कार दुर्घटनाओं की जानकारी मिली है। पेनसिल्वानिया टर्नपाइक में लगभग 500 वाहन फंस हुए हैं। नेशनल वेदर सर्विस की ओर से कहा गया है कि जो स्थिति बनी है, वह भारी बर्फ लेकर आएगी। यह मध्य अटलांटिक क्षेत्र से दक्षिणी न्यू इंग्लैंड होते हुए बर्फ के तूफान की परिस्थितियां पैदा करेगी। हालांकि, अब तूफान कमजोर पड़ गया है और यह अटलांटिक सागर की ओर बढ़ रहा है। अगले 24घंटे में स्थिति के सामान्य होने की उम्मीद जताई जा रही है।  

 

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad