Advertisement

अमेरिका: वाशिंगटन के एक मॉल में गोलीबारी, चार लोगों की मौत

अमेरिका के वाशिंगटन के एक मॉल में अचानक हुई गोलीबारी में कम से कम चार लोगों की मौत हो गई है। स्थानीय पुलिस इस मामले में एक व्यक्ति की तलाश कर रही है जिसे हिस्पैनिक नागरिक बताया जा रहा है।
अमेरिका: वाशिंगटन के एक मॉल में गोलीबारी, चार लोगों की मौत

यह गोलीबारी सिएटल से करीब 100 किमी उत्तर में बर्लिंगटन के कास्केड मॉल में हुई। गोलीबारी के बारे में सार्जेंट मार्क फ्रांसिस ने बताया कि पुलिस कम से कम एक हमलावर की तलाश कर रही है और मॉल के स्टोरों की तलाश कर रही है। वाशिंगटन स्टेट पेट्रोल के प्रवक्ता फ्रांसिस ने ट्वीट किया, मॉल में गोलीबारी में चार लोगों के मरने की पुष्टि हुई है। पुलिस के पहुंचने से पहले हमलावर भाग गया। उन्होंने आगे लिखा, हमलावरों या हमलावर के बारे में पता नहीं है। संभवत: एक ही हमलावर था। पुलिस अब मॉल को खाली करा रही है। उन्होंने कहा, हम हमलावर की तलाश कर रहे हैं और सभी सुरागों को जांच रहे हैं।

सार्जेंट फ्रांसिस ने बताया कि संदिग्ध हमलावर को पुलिस के पहुंचने से पहले मॉल से निकलकर इंटरस्टेट पांच राजमार्ग की ओर जाते देखा गया था। स्थानीय मीडिया की खबरों के अनुसार हमलावर स्थानीय समयानुसार शुक्रवार शाम करीब सात बजे यहां के एक स्टोर मैकेज के जरिये मॉल में घुसा था। स्थानीय पुलिस ने हमलावर की उम्र 20 से 25 साल के बीच बताई है। पुलिस के अनुसार वह दुबला पतला था, उसके बाल काले बेतरतीब थे और उसने काले रंग की शर्ट पहन रखी थी। फ्रांसिस ने बताया कि हमलावर एक हिस्पैनिक पुरूष था।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad