अमेरिका के फ्लोरिडा शहर के जैक्सनविल में हुई मास फायरिंग में तीन लोगों की मौत हो गई जबकि 11 लोग घायल हो गए। गोलीबारी में संदिग्ध हमलावर भी मारा गया। घटना के बाद स्थानीय पुलिस ने जैक्सनविल की ओर आने वाले सभी रास्तों को सील कर दिया है। घायल लोगों को स्थानीय अस्पताल में शिफ्ट किया गया है। बताया जा रहा है वीडियोगेम टूर्नामेंट के दौरान एक शख्स ने गोलीबारी की।
जैक्सनविले के शेरिफ माइक विलियम्स ने बताया कि बाल्टीमोर का रहने वाला 24 साल का डेविड कैट्ज वीडियोगेम प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए आया था। माइक विलियम्स ने कहा कि डेविड कैट्ज ने पहले तो वीडियोगेम में हिस्सा ले रहे दूसरे प्रतियोगियों को गोली मारी और बाद में खुद को भी गोली मार ली। उनका कहना है कि फिलहाल गोलीबारी में 11 लोग घायल हैं। दो लोगों को भगदड़ के दौरान चोट लग गई। गोलीबारी की खबर मिलते ही एक दर्जन से ज्यादा एंबुलेंस और पुलिस मौके पर पहुंची।
चलाया सर्च ऑपरेशन
जैक्सनविल की लैंडिग एरिया की ओर जाने वाले सारे रास्ते सील कर दिए हैं। इसके अलावा लोगों के लिए विशेष हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया गया है। पुलिस ने हमले के बाद सर्च ऑपरेशन चलाया तथा लोगों से सतर्कता बरतने की अपील की है।
लोगों से की अपील
घटना के बाद अलग-अलग घरों में छिपे स्थानीय लोगों को रेस्क्यू करने के लिए पुलिस ने एक नंबर जारी किया है तथा लोगों से ना घबराने की अपील भी की गई है, जिस स्थान पर फायरिंग की गई है, वह एक भीड़ वाला इलाका माना जाता है और शनिवार को छुट्टी होने के कारण इस इलाके में कई लोग मौजूद भी थे।