Advertisement

विकीलीक्‍स के संस्‍थापक जूलि‍यन असांजे को जमानत की शर्तों का उल्लंघन करने पर 50 हफ्तों की जेल

विकीलीक्स के संस्थापक जूलियन असांजे को ब्रिटेन की एक कोर्ट ने 50 हफ्तों की जेल की सजा सुनाई है। उन्हें 2012...
विकीलीक्‍स के संस्‍थापक जूलि‍यन असांजे को जमानत की शर्तों का उल्लंघन करने पर 50 हफ्तों की जेल

विकीलीक्स के संस्थापक जूलियन असांजे को ब्रिटेन की एक कोर्ट ने 50 हफ्तों की जेल की सजा सुनाई है। उन्हें 2012 में जमानत की शर्तों का उल्लंघन करने के लिए यह सजा सुनाई गई है। लंदन में इक्वाडोर के दूतावास में सात साल बिताने के बाद 47 वर्षीय असांजे को 11 अप्रैल को गिरफ्तार किया गया था। असांजे ने 2012 में दूतावास में शरण ली थी ताकि स्वीडन में वह यौन उत्पीड़न के आरोपों से बच सकें। इक्वाडोर द्वारा उनके शरणार्थी का दर्जा समाप्त किए जाने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया था।

2010 में गोपनीय दस्तावेजों का किया था खुलासा

असांजे ने 2010 में बड़ी संख्या में अमेरिकी गोपनीय दस्तावेजों को सार्वजनिक किया था। असांजे ने स्वीडन में प्रत्यर्पण से बचने के लिए 2012 में इक्वाडोर के दूतावास में शरण ली थी। बाद में स्वीडन ने असांजे पर से यौन उत्पीड़न से जुड़े मामले को हटा दिया।

इसके बावजूद असांजे दूतावास में ही बने रहे क्योंकि जमानत का मामला खत्म हो जाने की वजह से लंदन में उन पर गिरफ्तारी की तलवार लटकी रही थी। बीते साल 12 दिसंबर से उन्हें इक्वाडोर की नागरिकता मिली।

2006 में विकीलीक्स की शुरुआत

2006 में असांजे ने wikileaks.org की शुरुआत की ताकि बिना ट्रेस हुए वह इंटरनेट पर एक मुखबिर के तौर पर संवेदनशील दस्तावेज पोस्ट कर सकें। 2010 में विकीलीक्स ने बड़ी संख्या में सेना से जुड़े अमेरिकी गोपनीय दस्तावेजों को पब्लिश किया। इसके अलावा असांजे ने अफगानिस्तान और इराक युद्ध से जुड़े दस्तावेजों को भी सार्वजनिक कर दिया। इसके बाद अमेरिका में असांजे को बहिष्कृत कर दिया गया।

2010 में लगा यौन उत्पीड़न का आरोप

2010 में स्वीडन की दो महिलाओं ने असांजे पर रेप और यौन शोषण के आरोप लगाए और उनके खिलाफ स्वीडन ने अरेस्ट वारंट जारी कर दिया। असांजे ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। 2012 में ब्रिटेन द्वारा स्वीडन को प्रत्यपर्ति किए जाने से बचने के लिए, उन्होंने इक्वाडोर के दूतावास से शरण की गुहार लगाई और तब से लंदन में शरणार्थी के तौर पर रह रहे थे। 

2016 में भी किया था खुलासा

2016 में विकीलीक्स ने डेमोक्रेट हिलरी क्लिंटन की टीम द्वारा अमेरिकी चुनाव अभियान में भेजे गए 20,000 हैक किए ईमेल सार्वजनिक कर दिए। हालांकि, स्वीडन ने 2017 में उनके खिलाफ रेप से जुड़े अपराध को हटा लिया था। इसके बाद असांजे ने इक्वाडोर की नागरिकता ले ली।

2018 में उनके वकील ने दूतावास में उनके रहने की परिस्थितियों को 'अमानवीय' बताया। 2019 में इक्वाडोर के राष्ट्रपति लेनिन मोरेनो ने कहा कि असांजे ने अपने शरणस्थल के नियमों का उल्लंघन किया है। अब ब्रिटेन की पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया है और उनकी शरण के खत्म होने का हवाला दिया है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad