Advertisement

कोरोना से दुनियाभर में अब तक 2,39,602 मौत, अमेरिका में पिछले 24 घंटे में गई 1,,883 लोगों की जानें

वैश्विक महामारी कोरोना वायरस का प्रकोप पूरी दुनिया पर छाया हुआ है। दुनियाभर में इस वायरस से संक्रमित...
कोरोना से दुनियाभर में अब तक 2,39,602 मौत, अमेरिका में पिछले 24 घंटे में गई 1,,883 लोगों की जानें

वैश्विक महामारी कोरोना वायरस का प्रकोप पूरी दुनिया पर छाया हुआ है। दुनियाभर में इस वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या 34 लाख के आंकड़े को पार कर 34,01002 पहुंच चुकी है। वर्ल्डोमीटर के अनुसार, दुनियाभर में संक्रमण से मरने वालों की संख्या 2,39,602 हो चुकी है। कोरोना वायरस ने सबसे ज्यादा कहर दुनिया के सबसे शक्तिशाली देश अमेरिका में बरपाया है। पूरी दुनिया के करीब एक तिहाई कोरोना मरीज अमेरिका में ही हैं। यहां 11 लाख से ज्यादा लोग कोरोना से प्रभावित हो चुके हैं। पिछले 24 घंटे में यहां 1,883 लोगों की मौत हुई है। 

अमेरिका में अब तक 65,753 लोगों की मौत

वर्ल्डोमीटर के मुताबिक, अमेरिका में कोरोना वायरस के मरीजों की संख्या शनिवार सुबह तक बढ़कर 11 लाख 31 हजार 452 हो गई। वहीं कुल 65,776 लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि एक लाख 61 हजार 563 लोग ठीक भी हुए हैं। अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर में सबसे ज्यादा 3,15,222 केस सामने आए हैं। सिर्फ न्यूयॉर्क में ही 24,069 लोग मारे गए हैं। इसके बाद न्यू जर्सी में 1,21,190 कोरोना मरीजों में से 7,538 लोगों की मौत हुई। इसके अलावा मैसाचुसेट्स, इलिनॉयस भी सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं।

इन देशों में कहर बरपा रहा है कोरोना

कोरोना दुनिया के 212 देशों में कहर बरपा रहा है। अमेरिका, फ्रांस, इटली, स्पेन, ब्रिटेन, जापान, भारत समेत कई देशों को इससे बचाव के लिए लॉकडाउन का फैसला लेना पड़ा। जिससे अर्थव्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो गई है। इस बीच कई देशों में संक्रमण के मामले बढ़ने के बावजूद अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए धीरे-धीरे लॉकडाउन खोलने की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।  

अमेरिका, यूरोप के बाद अब रूस में बढ़ रहे मामले

अमेरिका और यूरोपीय देशों में कहर बरपाने वाला कोरोना वायरस संक्रमण अब रूस की तरफ रुख करता दिखाई दे रहा है। शुक्रवार को रूस में कोरोना संक्रमण के करीब 8,000 नए मामले सामने आए जिसके बाद देश में कुल मामले बढ़कर 1,14,431 हो गए हैं। यहां एक दिन में अब तक सर्वाधिक 7,933 मामले सामने आए हैं। प्रधानमंत्री मिखाइल मिशुस्तीन भी संक्रमण से घिर चुके हैं। देश में मरने वालों का आंकड़ा 1,169 पर पहुंच चुका है। पीएम मोदी ने मिशुस्तीन के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।

ब्राजील में रिकॉर्ड 7,218 नए केस

ब्राज़ील में कोरोना वायरस के 7,218 रिकॉर्ड नए मामलों की पुष्टि हुई है। यहां अब तक कुल मामले 85,380 हो गए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, मरने वालों की संख्या 435 बढ़कर 5,901 हो गई है। धुर दक्षिणपंथी राष्ट्रपति जेयर बोलसोनारो ने वायरस को लेकर जिस तरह की रणनीति अपनाई, उससे देश में ग़ुस्सा है। राष्ट्रपति पहले कोविड-19 को लेकर “हिस्टीरिया” शब्द का प्रयोग कर हमला बोल चुके हैं।

ऑस्ट्रेलियाई राजधानी क्षेत्र कोरोना वायरस से मुक्त हुआ

ऑस्ट्रेलिया के आठ राज्यों और मुख्य भूमि क्षेत्रों में ऑस्ट्रेलियाई राजधानी क्षेत्र खुद को कोरोना वायरस के किसी भी ज्ञात मामलों से मुक्त घोषित करने वाला पहला क्षेत्र बन गया है। मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी केरिन कोलमेन ने कहा कि राजधानी कैनबरा के आसपास का क्षेत्र सात सप्ताह में पहली बार बृहस्पतिवार को कोरोना वायरस के किसी भी रिकॉर्ड किए गए मामले से मुक्त हुआ, क्योंकि इससे संक्रमित आखिरी मरीज भी ठीक हो गया है। कैनबरा में कोविड-19 के 106 मामलों की पुष्टि हुई थी और तीन मरीजों की मौत हुई है। राजधानी क्षेत्र की आबादी 4,20,000 है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad