दुनिया वैश्विक महामारी कोरोना के कहर से लगातार जूझ रही है। अब तक 62,67,338 लोग इस जानलेवा वायरस से संक्रमित हो चुके हैं। जबकि 3,73,961 लोगों की इससे मौत हो चुकी है। वर्ल्डोमीटर के मुताबिक पूरी दुनिया में इस वायरस से मरने वालों की संख्या तीन लाख 73 हजार से ज्यादा हो गई है और संक्रमितों की संख्या बढ़कर 62 लाख 67 हजार से ज्यादा हो गई है जबकि 28 लाख 47 हजार से ज्यादा लोगों ने कोरोना को मात दी है। वहीं, दुनियाभर में सबसे ज्यादा प्रभावित देश अमेरिका में एक लाख छह हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है और 18 लाख से ज्यादा लोग संक्रमित हैं।
अमेरिका में 24 घंटे में 598 लोगों की मौत
जॉन्स हॉपकिन्स विश्वविद्यालय की रिपोर्ट के अनुसार अमेरिका में 24 घंटे में 598 लोगों की मौत हो गई है। वर्ल्डोमीटर के अनुसार अमेरिका में कोरोनावायरस से 1 लाख 6 हजार से अधिक लोगों की मौत हो गई है। वहीं संक्रमितो की संख्या 18 लाख 30 हजार से अधिक हो गई है।
दुनिया में कहां कितने केस, कितनी मौतें
कोरोना ने सबसे ज्यादा कहर अमेरिका में बरपाया है। दुनियाभर के करीब एक तिहाई मामले अमेरिका में सामने आए हैं और करीब एक तिहाई मौतें भी अमेरिका में हुई हैं। अमेरिका के बाद यूके में कोरोना से सबसे ज्यादा मौतें हुई हैं जबकि यूके में मरीजों की संख्या रूस, स्पेन और ब्राजील से कम है। इसके बाद इटली, फ्रांस, जर्मनी, टर्की, ईरान, भारत जैसे देश सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं।
| देश | केस | मौत | 
| अमेरिका | 1,837,170 | 106,195 | 
| ब्राजील | 514,992 | 29,341 | 
| रूस | 405,843 | 4,693 | 
| स्पेन | 286,509 | 27,127 | 
| यूके | 274,762 | 38,489 | 
| इटली | 232,997 | 33415 | 
| भारत | 190,622 | 5,408 | 
| फ्रांस | 188,882 | 28,802 | 
| जर्मनी | 183,494 | 8,605 | 
| पेरू | 164,476 | 4,506 | 
12 देशों में एक लाख से ज्यादा केस
रूस, ब्राजील, स्पेन, यूके, इटली में कोरोना मामलों की संख्या दो लाख पार हो चुकी है। इनके अलावा छह देश ऐसे हैं जहां एक लाख से ज्यादा कोरोना केस हैं। अमेरिका समेत इन 12 देशों में कुल 46 लाख केस हैं। अमेरिका के अलावा रूस और ब्राजील में भी कोरोना केस तेजी से बढ़ रहे हैं। छह देश (अमेरिका, स्पेन, इटली, फ्रांस, ब्रिटेन, ब्राजील) ऐसे हैं, जहां 25 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। अमेरिका में मौतों का आंकड़ा 1 लाख पार जा चुका है। चीन टॉप-16 संक्रमित देशों की लिस्ट से बाहर हो चुका है। वहीं भारत टॉप-7 देशों में शामिल हो गया है।
 
                                                 
                             
                                                 
                                                 
                                                 
			 
                     
                    