Advertisement

तीन राज्यों में जीत: विदेशी मीडिया की जुबान पर भाजपा, पीएम मोदी के नेतृत्व को सराहा

भारत के पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों में से रविवार को चार के परिणाम आ चुके हैं। नतीजों के बाद...
तीन राज्यों में जीत: विदेशी मीडिया की जुबान पर भाजपा, पीएम मोदी के नेतृत्व को सराहा

भारत के पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों में से रविवार को चार के परिणाम आ चुके हैं। नतीजों के बाद रविवार को देश से लेकर विदेश तक हलचल रही। इन नतीजों पर विदेशी मीडिया ने भाजपा खासकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर सराहना की। जहां कुछ ने इन परिणामों को 2024 के लिए भाजपा का साफ रास्ता बताया, तो वहीं कुछ ने विपक्षी एकता के लिए बने गठबंधन को बड़ा झटका बताया।

 

न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, हिंदी बेल्ट के तीन राज्यों में जीत के जरिए भाजपा ने लोकसभा चुनाव से पहले अपना प्रभाव बढ़ा लिया है। साथ ही कहा गया कि ये नतीजे ‘मुख्य विपक्षी दल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की बिगड़ती स्थिति के बीच एक ओर झटका थे।’ राजनीतिक जानकार आरती जेरथ के हवाले से एनवाईटी ने बताया है कि ये नतीजे 2024 में भाजपा के लिए बड़े फायदेमंद साबित होंगे।

 

न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट में अयोध्या के राम मंदिर का भी जिक्र है। रिपोर्ट में कहा गया है, ‘जनवरी में अयोध्या में बड़े मंदिर का उद्घाटन के जरिए मोदी के पास पहले ही बड़ा समर्थन जुटाने का एक प्लान है…।’ संभावनाएं जताई जा रही हैं कि उत्तर प्रदेश स्थित मंदिर का जनवरी में उद्घाटन हो सकता है।

बीबीसी ने लिखा, राज्यों के चुनाव परिणाम में जीत से भारतीय प्रधानमंत्री मोदी की लोकसभा चुनाव में जीत का रास्ता साफ हो गया है। भाजपा उत्तरी और मध्य भारत के हिंदी हार्टलैंड में लगभग अजेय दिख रही है। रविवार के नतीजे पीएम मोदी के लिए एक महत्वपूर्ण प्रोत्साहन हैं, जो पहले से ही अगले साल रिकॉर्ड तीसरे कार्यकाल पर अपनी नजरें गड़ाए हुए हैं। कांग्रेस के हाथ से राजस्थान निकलना चिंताजनक है।

अलजजीरा ने लिखा, चार राज्यों के चुनाव नतीजों से अगले साल होने वाले लोकसभा चुनावों से पहले मतदाताओं के मूड का पता चला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार तीसरे कार्यकाल पर नजर गड़ाए हुए हैं। कांग्रेस को केवल तेलंगाना से ही संतोष करना पड़ा। राजस्थान में वह अपनी सरकार नहीं बचा पाई। क्या 28 विपक्षी दलों का नया गठबंधन, जिसे इंडिया कहा जाता है, राष्ट्रीय स्तर पर भाजपा को चुनौती देने के लिए तैयार है? 

ब्लूमबर्ग ने लिखा, भारत की सत्तारूढ़ पार्टी तीन प्रमुख राज्यों में जीतने के बाद लोकसभा चुनाव में फिर विपक्ष को मात देने के लिए तैयार है। मतदाताओं का यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए समर्थन का एक मजबूत प्रदर्शन है। कांग्रेस के लिए एकमात्र खुशखबरी तेलंगाना से आई। कांग्रेस के लिए सबसे बड़ा चौंकाने वाला परिणाम राजस्थान रहा, यहां उसकी करारी हार हुई है।

 

ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट में ग्लोबल डेटा टीएस लोमबार्ड की चीफ इंडिया इकोनॉमिस्ट शुमिता देवेश्वर के हवाले से लिखा गया, ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी असाधारण रूप से लोकप्रिय बने हुए हैं।’ उन्होंने कहा कि राज्य के नतीजे दिखाते हैं कि देश का मूड उन्हें लगातार तीसरे कार्यकाल में लाने में है। उन्होंने कहा कि भाजपा का कमजोर प्रदर्शन विपक्ष को कुछ रफ्तार दिलाने में मदद करता, लेकिन नतीजे संकेत दे रहे हैं कि मोदी का सत्ता में आना तय है।

फाइनेंशियल टाइम्स ने लिखा, पीएम नरेंद्र मोदी की भाजपा ने राज्य चुनावों में शानदार जीत दर्ज की, जो अगले साल आम चुनावों से पहले राष्ट्रीय राजनीति पर उनकी पकड़ को और मजबूत करेगी। ये चुनाव परिणाम उत्तर भारत में विपक्ष की सफाए की तरह हैं। परिणाम से अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव में मुख्य चुनौती के रूप में विपक्षी दल के प्रयासों को झटका लगेगा।

नेपाल के प्रमुख दैनिक अखबार कांतिपुर ने लिखा, चार राज्यों के परिणाम बता रहे हैं कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा व अन्य प्रयासों का जादू हिंदी भाषी राज्यों में नहीं दिखा। भाजपा की जीत बता रही कि पार्टी और मजबूत हुई है। पीएम मोदी की कल्याणकारी योजनाएं जनता को पसंद आ रहीं हैं।

 

रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, मोदी एक दशक बाद भी लोकप्रिय बने हुए हैं और सर्वे संकेत दे रहे हैं कि वह अगले साल फिर जीत सकते हैं। खास बात है कि रिपोर्ट में विपक्षी गठबंधन में हुई आंतरिक कलह का भी जिक्र किया गया है। AFP की रिपोर्ट के मुताबिक, तीन राज्यों में जीत ने भाजपा और लगातार तीसरे कार्यकाल के लिए पहले ही लोकप्रिय बने हुए मोदी को रफ्तार दे दी है।

 

 

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad