Advertisement

न्यूजीलैंड के आतंकी हमले में 5 भारतीयों के मारे जाने की पुष्टि, गुजरात के 3 लोग शामिल

न्यूजीलैंड के मस्जिद में हुए आतंकी हमले में पांच भारतीयों की मौत हो गई है। मृतकों में तीन लोग गुजरात के...
न्यूजीलैंड के आतंकी हमले में 5 भारतीयों के मारे जाने की पुष्टि, गुजरात के 3 लोग शामिल

न्यूजीलैंड के मस्जिद में हुए आतंकी हमले में पांच भारतीयों की मौत हो गई है। मृतकों में तीन लोग गुजरात के और एक हैदराबाद के रहने वाले हैं। इसके अलावा एक भारतीय के अभी भी अस्पताल में भर्ती होने की सूचना है। शुक्रवार को हुए इस आतंकी हमले में अबतक 50 लोगों की मौत हो गयी है और कई लोग घायल हैं।

न्यूजीलैंड में हुए इस आतंकी हमले में गुजरात के तीन लोग मारे गए हैं। इनमें एक भारुच के एनआरआई, नवसारी से जुड़े एक ओवरसीज भारतीय सहित वडोदरा के एक पिता-पुत्र शामिल हैं। वडोदरा के आसिफ वोहरा और उनके बेटे रमीज वोहरा क्राइस्टचर्च की अल नूर मस्जिद में हुई फायरिंग के बाद से लापता बताए जा रहे थे लेकिन शनिवार को उनकी मौत की पुष्टि हो गई। ऑस्ट्रेलिया में रहने वाले आरिफ के बड़े भाई घटना की जानकारी मिलने के बाद क्राइस्टचर्च पहुंचे और फिर उन्होंने आरिफ और रमीज की मौत की पुष्टि की। उन्होंने ही वडोदरा में रहने वाले उनके परिवार को दोनों की मौत की जानकारी दी।


 

 वहीं हैदराबाद के एक अन्य निवासी अहमद इकबाल जहांगीर के बारे में उनके भाई खुर्शीद जहांगीर ने बताया कि वह अस्पताल में हैं और उनके स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है। खुर्शीद ने कहा, 'मुझे न्यूजीलैंड का वीजा दिलाने में मदद करने के लिए मैं सरकार का शुक्रगुजार हूं। मैं आप अपने भाई से मिलने जा रहा हूं। वह खतरे से बाहर है और उसके स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है।'

हेल्प लाइन नंबर जारी

न्यूजीलैंड में भारत के उच्चायुक्त ने कहा कि दो मस्जिदों पर हमलों में प्रभावित कोई भी भारतीय नागरिक मदद के लिए भारतीय मिशन से संपर्क कर सकता है। मिशन ने घटना पर दुख जताते हुए मदद के लिए दो फोन नंबर भी ट्वीट किये जिन पर संपर्क किया जा सकता है। ये फोन नंबर 021803899 और 021850033 हैं।

न्यूजीलैंड में तकरीबन दो लाख भारतीय और भारतीय मूल के लोग रहते हैं। भारतीय उच्चायोग के आंकड़ों के अनुसार इस देश में 30 हजार से अधिक भारतीय छात्र हैं।

आरोपी को अदालत में किया गया पेश

न्यूजीलैंड के क्राइस्टचर्च में शुक्रवार को हुई गोलीबारी के मामले में गिरफ्तार किए गए 28 वर्षीय एक ऑस्ट्रेलियाई व्यक्ति को शनिवार को यहां स्थानीय अदालत में पेश किया गया और उस पर हत्या का मामला दर्ज किया गया है। शुक्रवार को क्राइस्टचर्च की अल नूर मस्जिद और शहर के बाहरी हिस्से में लिनवुड मस्जिद पर हुए हमलों में कम से कम 50 लोगों की मौत हो गई।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
  Close Ad