Advertisement

इंडोनेशिया में 188 यात्रियों को लेकर जा रहा विमान क्रैश

इंडोनेशिया के जकार्ता से पांकल पिनांग शहर जा रहा एक यात्री विमान सोमवार सुबह उड़ान भरने के 13 मिनट बाद...
इंडोनेशिया में 188 यात्रियों को लेकर जा रहा विमान क्रैश

इंडोनेशिया के जकार्ता से पांकल पिनांग शहर जा रहा एक यात्री विमान सोमवार सुबह उड़ान भरने के 13 मिनट बाद समुद्र में क्रैश हो गया। इसमें 189 लोग सवार थे। इनमें तीन बच्चों समेत 181 यात्री, दो पायलट और छह अन्य क्रू मेंबर्स थे।

विमान संपर्क टूटने वाली जगह से करीब दो नॉटिकल मील (3.7 किलोमीटर) दूर कारावांग की खाड़ी में क्रैश हुआ। विमान में इंडोनेशिया के वित्त मंत्रालय के 20 अधिकारी भी सवार थे। इस प्लेन के दो पायलटों में से एक कैप्टन भव्य सुनेजा थे। बताया जा रहा है कि वे मूल रूप से दिल्ली के रहते थे। मार्च 2011 में ही वे लॉयन एयर से जुड़े थे। उनके पास विमान उड़ाने का 6000 घंटे का अनुभव था।

जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह जब विमान ने उड़ान भरी, तो उसके 13 मिनट बाद ही इसका संपर्क टूट गया था। जिसके बाद सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया।

समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने इंडोनेशिया के अधिकारियों के हवाले से कहा है कि विमान क्रैश हो गया है। हालांकि, अभी आधिकारिक घोषणा होना बाकी है।

ये विमान JT610 था, जिसने सुबह 6.20 बजे उड़ान भरी थी, इसे 7.20 पर लैंड करना था। हालांकि, 6.33 पर ही ये क्रैश हो गया। विमान का संपर्क जिस समय टूटा उस दौरान अचानक उसकी ऊंचाई में करीब 2000 फीट की कमी आई।

 बताया जा रहा है कि संपर्क टूटने से पहले पायलट ने प्लेन की वापसी का सिग्नल दिया था। सर्च ऑपरेशन के अधिकारियों ने बताया कि जावा समुद्र तट के पास विमान के टुकड़े नजर आए हैं। विमान लापता होने के बाद से ही सर्च अभियान जारी है, समुद्र के कुछ हिस्से में अभी प्लेन की कुर्सियां व अन्य हिस्सा मिलना भी शुरू हो गया है।

बता दें कि लॉयन एयर इंडोनेशिया की किफायती हवाई सेवा है। 2013 में भी लॉयन एयर की फ्लाइट बाली के एंगुराह राय इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंड होने से पहले समुद्र में क्रैश हो गई थी। इसमें सवार सभी 108 यात्री बच गए थे। 2004 में भी लॉयन एयर का जकार्ता से जा रहा विमान-538 सोलो शहर में क्रैश हो गया था। इसमें 25 लोगों की मौत हो गई थी।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad