Advertisement

नव वर्ष मनाने के लिए चीन में एक हफ्ते की छुट्टी

चीन में चीनी नव वर्ष रूस्टर का स्वागत करने के लिए औपचारिक तौर पर एक हफ्ते की छुट्टी हो गयी है। लोग नव वर्ष को अपने परिवार के साथ मनाने के लिए अपने मूल स्थान जा रहे हैं।
नव वर्ष मनाने के लिए चीन में एक हफ्ते की छुट्टी

औपचारिक अनुमान के मुताबिक, चीनी नव वर्ष के साथ वसंत उत्सव साथ पड़ रहा है और इस दौरान सड़क और रेल से कुल 2.97 अरब यात्राएं हो सकती हैं।

 मंकी वर्ष आज औपचारिक तौर पर खत्म हो जाएगा और नया साल रूस्टर शनिवार से शुरू होगा। कई लोग इसे एक पखवाड़े तक मनाते हैं।

यह बड़ा कार्यक्रम है और करीब 30 करोड़ प्रवासी मजदूर अपनी जमा पूंजी के साथ अपने माता-पिता और गांवों में अपने बच्चों से मिलने और नव वर्ष मनाने के लिए चले जाते हैं। यही मजदूर चीनी अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं।

चीन के चांद आधारित कलैंडर में वर्ष 12 साल के चक्र में समाहित हैं। हर साल को किसी पशु का नाम दिया जाता है, जैसे चूहा, बैल, बाघ, खरगोश, सांप, घोड़ा, भेड़, बंदर, मुर्गा, कुत्ता और सुअर। राशि आधारित कलैंडर के मुताबिक, 2017 वर्ष रूस्टर है।

पारपंरिक तौर पर जश्न की शुरूआत पहले दिन के शाम से शुरू होती है और यह पहले महीने के 15 वें दिन में होने वाले लालटेन उत्सव तक चलती है। नव वर्ष के पहले दिन नया चांद निकलता है।

चीनी नेताओं ने इस मौके पर लोगों को बधाई दी। अपने संदेश में चीनी राष्‍ट्रपति शी चिनफिंग ने लोगों से प्रेम का संदेश फैलाने को कहा।

शी ने कहा कि प्रेम हर परिवार तक पहुंचना चाहिए और सबके लिए सौहार्द लेकर आए जैसे वसंत की हवा समूचे देश में चलती है।

बीजिंग में ग्रेट हॉल ऑफ पीपल में लोगों से शी ने कहा,  चीनी लोगों ने हमेशा से प्रेम और उच्च नैतिकता की कद्र की है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वह अपने परिवार, कॉमरेड, और प्रियजनों को नहीं भूलें। भले ही वे काम में कितने ही व्यस्त क्यों नहीं हों।

चीनी अर्थव्यवस्था की मंदी पर चिंता जाहिर करते हुए उन्होंने कहा कि चीन की आर्थिक विकास दर दुनिया में सबसे मजबूत में से एक बनी हुई है और लोगों की जीविका लगातार सुधरी है।

शी ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि लोगों के न सिर्फ बड़े सपने हैं बल्कि वे उन्हें पूरा करने के लिए कड़ी मेहनत भी करेंगे। भाषा

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad