Advertisement

यूक्रेन संकट: रूसी हमलों में 14 बच्चों समेत 352 यूक्रेनी नागरिकों की मौत, घायलों की संख्या 1600 के पार

रूस और यूक्रेन के बीच छिड़ी जंग का आज पांचवा दिन है। पांच दिन से लगातार रूस, यूक्रेन पर मिसाइलें छोड़...
यूक्रेन संकट: रूसी हमलों में 14 बच्चों समेत 352 यूक्रेनी नागरिकों की मौत, घायलों की संख्या 1600 के पार

रूस और यूक्रेन के बीच छिड़ी जंग का आज पांचवा दिन है। पांच दिन से लगातार रूस, यूक्रेन पर मिसाइलें छोड़ रहा है। रूस के हमलों में यूक्रेन की राजधानी कीव समेत कई शहरों को नुकसान पहुंचा है। साथ ही जान-माल की हानि भी हो रही है। यूक्रेन के गृह मंत्रालय की ओर से जारी किए गए बयान में कहा गया है कि रूस के आक्रमण में अब तक 352 यूक्रेनी नागरिकों की मौत हो चुकी है, इनमें 14 बच्चे भी शामिल हैं।

बयान में यह भी कहा गया है कि रूस के हमलों में 1684 लोग घायल हुए हैं। घायलों में 116 बच्चे शामिल हैं। आशंका जताई जा रही है कि आने वाले समय में मृतकों और घायलों की संख्या बढ़ सकती है। हालांकि रूसी हमलों में यूक्रेन के कितने सैनिकों की मौत हो गई है इसकी जानकारी नहीं दी गई है।

एक तरफ यूक्रेन 300 से ज्यादा नागरिकों की मौत का आंकड़ा जारी कर रहा है तो दूसरी तरफ रूस का कहना है कि वह सिर्फ यूक्रेनी सैन्य सुविधाओं को निशाना बना रहा है। रूस ने दावा किया है कि उसकी ओर से जो भी मिसाइल हमले किए गए हैं, उससे यूक्रेन के नागरिकों को किसी तरह का नुकसान नहीं पहुंचा है।

वहीं, रूस ने अपने सैनिकों के हताहत होने की कोई जानकारी जारी नहीं दी है। रूसी रक्षा मंत्रालय ने बिना कोई संख्या बताए रविवार को ही स्वीकार किया कि रूसी सैनिक मारे गए और घायल हो गए।

गौरतलब है कि यूक्रेन संकट के बीच यूरोप और अमेरिका सहित कई देशों ने रूस पर प्रतिबंध लगाए हैं। इस बीच जर्मनी समेत कई यूरोपीय देशों ने भी रूसी विमानों के लिए अपने एयर स्पेस को बंद कर दिया है। इस बीच रूस के खिलाफ इंग्लैंड ने अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल मैचों के बहिष्कार की घोषणा की है। रूसी हमले के बाद से भारतीय छात्र भी यूक्रेन में फंसे हुए हैं जिन्हें निकालने को लेकर भारत सरकार द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad