Advertisement

पीएम मोदी को ट्विटर पर क्यों किया अनफॉलो व्हाइट हाउस ने बताई वजह

व्हाइट हाउस द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, प्रधानमंत्री कार्यालय, राष्ट्रपति भवन समेत भारत के...
पीएम मोदी को ट्विटर पर क्यों किया अनफॉलो व्हाइट हाउस ने बताई वजह

व्हाइट हाउस द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, प्रधानमंत्री कार्यालय, राष्ट्रपति भवन समेत भारत के कुल छह ट्विटर हैंडल को कुछ दिनों तक फॉलो करने के बाद बुधवार को अनफॉलो करने को लेकर अमेरिका ने अपनी सफाई दी है। व्हाइट हाउस ने बुधवार (स्थानीय समयानुसार) को स्पष्टीकरण दिया कि उसका टि्वटर हैंडल आम तौर पर अमेरिकी राष्ट्रपति की यात्रा के दौरान कुछ अवधि के लिए ही मेजबान देशों के अधिकारियों के ट्विटर अकाउंट को 'फॉलो' करता है ताकि यात्रा के समर्थन में उनके संदेशों को रीट्वीट किया जा सकें।

अमेरिका ने बताया कि फरवरी के आखिरी हफ्ते में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की भारत यात्रा के दौरान व्हाइट हाउस के आधिकारिक ट्विटर हैंडल ने राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, प्रधानमंत्री कार्यालय, अमेरिका में भारतीय दूतावास, भारत में अमेरिकी दूतावास और भारत में अमेरिकी राजदूत, केन जस्टर के ट्विटर अकाउंट को फॉलो करना शुरू किया था। हालांकि इस हफ्ते की शुरुआत में व्हाइट हाउस ने इन सभी छह अकाउंट्स को अनफॉलो कर दिया।

सिर्फ अमेरिकी सरकार के अधिकारियों को फॉलो करता है व्हाइट हाउस

एक वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी ने बताया, 'व्हाइट हाउस का टि्वटर अकाउंट सामान्यत: अमेरिकी सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों और अन्य के टि्वटर अकाउंट्स को फॉलो करता है। उदाहरण के लिए राष्ट्रपति की किसी यात्रा के दौरान कुछ अवधि के लिए मेजबान देशों के अधिकारियों को फॉलो करता है ताकि यात्रा के समर्थन में उनके संदेशों को रीट्वीट किया जा सके।' दरअसल, अधिकारी का ये बयान उस समय आया जब व्हाइट द्वारा पीएम मोदी समेत छह भारतीय ट्विटर अकाउंट को अलफॉलो किया गया। 

अधिकारी ने यह जवाब उस सवाल पर दिया जिसमें व्हाइट हाउस द्वारा भारतीय राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और अन्य भारतीय अधिकारियों के ट्विटर अकाउंट को फॉलो और फिर अनफॉलो करने का कारण पूछा गया था। व्हाइट हाउस के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री के अकाउंट को ट्विटर पर अनफॉलो करने को लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह की प्रतिक्रिया सामने आई थीं। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने भी इसपर प्रतिक्रिया दी थी।

राहुल गांधी ने जताई थी निराशा

व्हाइट हाउस के इस कदम पर भारत में सोशल मीडिया पर लोगों ने कई तरह की प्रतिक्रियाएं दीं। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने भी बुधवार को कहा था कि व्हाइट हाउस द्वारा टि्वटर पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 'अनफॉलो' किए जाने से उन्हें निराशा हुई है और विदेश मंत्रालय को इसका संज्ञान लेना चाहिए। बुधवार तक व्हाइट हाउस के 2.2 करोड़ फॉलोअर्स थे।

भारत के इन छह ट्विटर हैंडल को किया था फॉलो

व्हाइट हाउस ने जिन भारतीय ट्विटर अकाउंट को फॉलो करने के बाद अनफॉलो किया है उनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, प्रधानमंत्री कार्यालय, राष्ट्रपति भवन, अमेरिका में भारतीय दूतावास और भारत में अमेरिकी दूतावास शामिल है। इनके अलावा भारत में अमेरिका के राजदूत केन जस्टर को भी फॉलो किया गया था। इन सभी के साथ व्हाइट हाउस के द्वारा फॉलो किए जाने वाले लोगों की संख्या 19 हो गई थी। अब कुछ दिन के बाद व्हाइट हाउस ने वापस इन सभी ट्विटर हैंडल को अनफॉलो कर दिया है और फिर से सिर्फ अमेरिकी प्रशासन, डोनाल्ड ट्रंप से जुड़े ट्विटर हैंडल को फॉलो करना शुरू कर दिया है। व्हाइट हाउस अब सिर्फ 13 ट्विटर हैंडल को फॉलो कर रहा है।
फिलहाल 13 अमेरिकी अकाउंट को फॉलो कर रहा है व्हाइट हाउस

दरअसल, व्हाइट हाउस आम तौर पर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनके आधिकारिक टि्वटर हैंडल, प्रथम महिला, उपराष्ट्रपति एवं उनकी पत्नी, नए प्रेस सचिव केलीघ मैकएनी, राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद और पूर्व व्हाइट हाउस सचिव स्टेफनी ग्रीशम समेत 13 लोगों के अकाउंट्स फॉलो कर रहा है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad