Advertisement

श्रीलंका में भारी बारिश और बाढ़ से दो लाख लोग प्रभावित, 11 की मौत

श्रीलंका में मूसलाधार बारिश और बाढ़ की वजह से अब तक 11 लोगों की जान चली गई है। भयंकर बाढ़ के कारण दो लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं।
श्रीलंका में भारी बारिश और बाढ़ से दो लाख लोग प्रभावित, 11 की मौत

श्रीलंका के आपदा प्रबंधन विभाग के प्रवक्ता प्रदीप कोदिप्पिली ने हालात की जानकारी देते हुए बताया, भारी बारिश, बाढ़ और जमीन धंसने के कारण देश में 25 प्रशासनिक जिलों में से 19 प्रभावित हुए हैं। 47,922 परिवार या 207,556 लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। उन्होंने बताया कि पिछले तीन दिनों की वर्षा से प्रभावित 134,000 से अधिक लोगों को 176 आश्रय स्थल मुहैया कराए गए हैं। आपातकर्मियों को आज एक महिला और दो बच्चों के शव मिले जो भूस्खलन से मर गए थे। इसी के साथ इस भयंकर बाढ़ एवं बारिश की वजह से मरने वालों की संख्या बढ़कर 11 हो गई। छह और लोग अब भी लापता हैं।

 

बारिश और बाढ़ से श्रीलंका की राजधानी कोलंबो बुरी तरह प्रभावित हुई है और कई सड़कें जलमग्न हो गई हैं। मौसम विभाग के अधिकारी ललित चंद्रपाला ने बताया, कम दबाव की स्थिति के कारण भारी बारिश हुई जो अब दक्षिण भारत की तरफ मुड़ गई है। देश में पिछले तीन दिनों से बारिश हो रही है, पेड़ गिर गए हैं और बिजली के तार टूट गए हैं। सड़क और संचार संपर्क अवरूद्ध हो गया है। कल सशस्त्र बलों को भी अलर्ट कर दिया गया था। साथ ही आठ जिलों में भूस्खलन की चेतावनी जारी की गई थी।

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad