Advertisement

राष्‍ट्रीय फिल्‍म पुरस्‍कारों में 'हैदर' और 'क्‍वीन' का जलवा

विशाल भारद्वाज की फिल्‍म 'हैदर' ने छह राष्‍ट्रीय पुरस्‍कार अपने नाम किए जबकि अदाकारा कंगना रनौत को फिल्म 'क्वीन' के लिए सर्वश्रेष्‍ठ अभिनेत्री का पुरस्‍कार मिला।
राष्‍ट्रीय फिल्‍म पुरस्‍कारों में 'हैदर' और 'क्‍वीन' का जलवा

नई दिल्‍ली। रविवार शाम विज्ञान भवन में 62वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह का आयोजन किया गया। इस बार विशाल भारद्वाज की निर्देशित फिल्‍म 'हैदरने छह राष्‍ट्रीय पुरस्‍कार अपने नाम कर धूम मचा दी है। अदाकारा कंगना रनौत को फिल्म 'क्वीन' के लिए सर्वश्रेष्‍ठ अभिनेत्री का पुरस्‍कार मिला। दक्षिण के लोकप्रिय कलाकार विजय कुमार को कन्नड़ फिल्म 'नानू अवानाला अवालू' के लिए सर्वश्रेष्‍ठ अभिनेता चुना गया है। विकास बहल की फिल्म 'क्वीन' को सर्वश्रेष्‍ठ हिंदी फिल्‍म का अवार्ड मिला है जबकि सबसे लोकप्रिय फिल्‍म का पुरस्‍कार 'मैरी कॉम' की झोली में आया। इस तरह महिला आधारित विषयों पर बनी दोनों फिल्‍म राष्‍ट्रीय फिल्‍म पुरस्‍कार पाने में कामयाब रहीं हैं। जाने-माने अभिनेता शशि कपूर को फिल्‍मों में उनके योगदान के लिए इस साल के दादा साहेब फाल्‍के पुरस्‍कार से नवाजा गया है। लेकिन तबीयत खराब होने की वजह से वह समारोह में शामिल नहीं हो सके। 
 

28 साल की कंगना रनौत ने फिल्‍म 'क्वीन' के लिए अपके करियर का दूसरा राष्ट्रीय पुरस्कार जीता है। इससे पहले उन्‍हें फिल्‍म फैशन के लिए सर्वश्रेष्ठ सह-अभिनेत्री का राष्ट्रीय पुरस्कार मिल चुका है। इस मौके पर कंगना रनौत ने कहा कि उन्‍होंने जो कुछ भी सीखा है, फिल्‍म के सेट पर ही सीखा। उन्‍हें कई महान निर्देशकों के साथ काम करने का मौका मिला है। डिजाइनर बिभु महापात्रा की बनाई पोशाक में विज्ञान भवन पहुंची कंगना समारोह के आकर्षण को केंद्र रहीं। इस मौके पर कुल 45 फीचर और 21 नॉन-फीचर फील्‍मों को पुरस्‍कृत किया गया। कार्यक्रम का संचालन रजन कपूर और पल्‍लवी जोशी ने किया। इस अवसर पर राष्‍ट्रपति प्रणव मुखर्जी, वित्‍त और सूचना प्रसारण मंत्री अरुण जेटली और सूचना प्रसारण राज्‍य मंत्री राज्‍यवर्धन राठौड़ के साथ फिल्‍म व कला जगत से जुड़ी कई नामी हस्तियां मौजूद थी। 

 

न्यायिक प्रक्रिया की दुनिया का ताना बाना पेश करती फिल्म 'कोर्ट' को सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म का पुरस्कार दिया गया। इसके तहत एक स्वर्ण कमल और ढाई लाख रूपये की राशि पुरस्कार स्वरूप प्रदान की गई। राष्ट्रपति के भाषण में भी इस फिल्म के निदेशक चैतन्य तम्हाने का जिक्र आया। विशाल भारद्वाज और सुखविंदर सिंह को फिल्म 'हैदर' के लिए सर्वश्रेष्ठ संगीत निदेशक और सर्वश्रेष्ठ गायक का पुरस्कार प्रदान किया गया। 'हैदर' को सर्वाधिक पांच पुरस्कार मिले, जिनमें डाॅली आहलूवालिया को सर्वश्रेष्ठ परिधान, भारद्वाज को सर्वश्रेष्ठ डायलाॅग और सुदेश अधाना को सर्वश्रेष्ठ कोरियोग्राफी के पुरस्कार शामिल हैं।

62वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार


सर्वश्रेष्‍ठ फीचर फिल्म: कोर्ट (मराठी, हिंदी, गुजराती और इंग्लिश)
सर्वश्रेष्‍ठ लोकप्रिय फिल्म: मैरी कॉम 
सर्वश्रेष्‍ठ पहली फिल्म के लिए इंदिरा गांधी पुरस्‍कार: आशा फॉर जाओर माझे 
सर्वश्रेष्‍ठ निर्देशन : सृजित मुखर्जी (बंगाली फिल्म चतुष्कोने)
सर्वश्रेष्‍ठ अभिनेत्री: कंगना रनोट (हिंदी फिल्म क्वीन)
सर्वश्रेष्‍ठ अभिनेता: विजय कुमार (कन्नड़ फिल्म नानू अवानाला अवालू)
सर्वश्रेष्‍ठ सहायक अभिनेता: बॉबी सिम्हा (तमिल फिल्म जिगरठंडा)
सर्वश्रेष्‍ठ सहायक अभिनेत्री: बलजिंदर कौर (हरियाणवी फिल्म पगड़ी द ऑनर)
सर्वश्रेष्‍ठ पार्श्‍व गायक: सुखविंदर सिंह (हैदर के गाने बिस्मिल के लिए)
सर्वश्रेष्‍ठ पार्श्‍व गायिका: उत्तरा उन्नीकृष्णन (तमिल फिल्म साईवम के गाने अजहागू)
सर्वश्रेष्‍ठ कॉस्टयूम डिजाइनर: डॉली अहलूवालिया (फिल्म हैदर)
सर्वश्रेष्‍ठ संगीत निर्देशन: विशाल भारद्वाज (हैदर के गानों के लिए)
सर्वश्रेष्‍ठ बैकग्राउंड संगीत: मलयालम फिल्म 1983 
सर्वश्रेष्‍ठ कोरियोग्राफी: सुदेश बिस्मिल (फिल्म हैदर)
सर्वश्रेष्‍ठ असमी फिल्म: ओथेलो 
सर्वश्रेष्‍ठ बंगाली फिल्म: निर्वाशितो 
सर्वश्रेष्‍ठ हिंदी फिल्म: क्वीन 
सर्वश्रेष्‍ठ हरियाणवी फिल्म: पगड़ी द ऑनर 
सर्वश्रेष्‍ठ पंजाबी फिल्म: पंजाब 1984
सर्वश्रेष्‍ठ तमिल फिल्म: कुट्टरम कडिताल 
सर्वश्रेष्‍ठ तेलुगु फिल्म: चंदामामा कठालू 
सर्वश्रेष्‍ठ मलयालम फिल्म: एन 
सर्वश्रेष्‍ठ मराठी फिल्म: किल्ला 
सर्वश्रेष्‍ठ उड़िया फिल्म: आदिम विचार 
सर्वश्रेष्‍ठ कन्नड़ फिल्म: हरिवू 
सर्वश्रेष्‍ठ कोंकणी फिल्म: नचोम
पर्यावरण संरक्षण पर सर्वश्रेष्‍ठ फिल्म : ओत्तल (मलयालम)
शिक्षा पर सर्वश्रेष्‍ठ फिल्‍म: कोलम एंड बिहाइंड द ग्लास वाल
सर्वश्रेष्‍ठ इन्वेस्टिगेटिव फिल्म: फुम शांग
सर्वश्रेष्‍ठ एडवेंचर फिल्म: लाइफ फोर्स : इंडियाज वेस्टर्न घाट्स
सर्वश्रेष्‍ठ एनिमेशन फिल्म: साउंड ऑफ ज्वॉय
सर्वश्रेष्‍ठ शॉर्ट फिक्शन: मित्रा
सर्वश्रेष्‍ठ फिल्म क्रिटिक: तनुल ठाकुर
 
 
 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad