Advertisement

संदेशखालि हिंसा पर भाजपा का बयान, "लोगों पर अत्याचार के मामले में टीएमसी ने वामपंथी सरकार को भी पीछे छोड़ा"

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को दावा किया कि ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस की...
संदेशखालि हिंसा पर भाजपा का बयान,

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को दावा किया कि ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस की सरकार ने पश्चिम बंगाल के लोगों पर अत्याचार करने के मामले में पूर्ववर्ती वामपंथी दलों की सरकार को पीछे छोड़ दिया है और लोकसभा चुनाव में जनता राज्य की सत्तारूढ़ पार्टी को करारा जवाब देगी।

पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के संदेशखालि में महिलाओं के कथित यौन उत्पीड़न का मुद्दा उठाते हुए भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कांग्रेस और विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन के अन्य घटकों की आलोचना की और इस मामले पर उनकी चुप्पी पर सवाल उठाए।

राष्ट्रीय राजधानी स्थित भाजपा मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन में प्रसाद ने कहा, ‘‘संदेशखालि मुद्दा बहुत गंभीर होता जा रहा है। महिलाओं पर हमला, उनके साथ अमपानजनक व्यवहार और उनका यौन शोषण हमारे समाज और लोकतंत्र के लिए शर्म की बात है।’’

भाजपा नेता ने राज्य में इस तरह की घटनाओं का बचाव करने के लिए पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की आलोचना की और उनकी और अन्य विपक्षी पार्टियों की अंतर्रात्मा पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, ‘‘जब ममता बनर्जी माकपा के अत्याचारों के खिलाफ (अतीत में) संघर्ष करती थीं और इसके खिलाफ अनिश्चितकालीन आंदोलन पर बैठती थीं तब हम सभी उनके प्रशंसक बन गए थे और उनके संघर्ष की सराहना किए करते थे। ज्यादती और पुलिस दमन के मामले में मौजूदा सरकार ने तत्कालीन माकपा शासन को पीछे छोड़ दिया है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘यह शर्म की बात है। उनकी अंतरात्मा कहां है?’’ प्रसाद ने कहा, ‘‘ममता जी, आपको जवाब देना होगा। ममता जी, आपको इसकी कीमत चुकानी होगी। जनता आपको राजनीतिक जवाब देगी।’’ कोलकाता से लगभग 100 किलोमीटर दूर, सुंदरबन की सीमाओं पर स्थित संदेशखालि इलाके में स्थानीय महिलाओं द्वारा फरार तृणमूल कांग्रेस के नेता शेख शाहजहां और उनके समर्थकों पर जमीन हड़पने और यौन उत्पीड़न का आरोप लगाने के बाद विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad