Advertisement

मुजफ्फरपुर शेल्टर होम्स मामले में मुख्य आरोपी ब्रजेश ठाकुर के खिलाफ एक और मामला दर्ज

बिहार के मुजफ्फरपुर गर्ल्स शेल्टर होम की सीबीआई जांच के साथ ही मुख्य आरोपी ब्रजेश ठाकुर के खिलाफ एक और...
मुजफ्फरपुर शेल्टर होम्स मामले में मुख्य आरोपी ब्रजेश ठाकुर के खिलाफ एक और मामला दर्ज

बिहार के मुजफ्फरपुर गर्ल्स शेल्टर होम की सीबीआई जांच के साथ ही मुख्य आरोपी ब्रजेश ठाकुर के खिलाफ एक और मामला दर्ज किया गया है। ब्रजेश ठाकुर की ओर से चलाए जा रहे मुजफ्फरपुर के ही एक अन्य शेल्टर होम से 11 महिलाओं के लापता होने की खबर है। वहीं, मामले को लेकर राजनीति भी गर्म है। मंगलवार को राजद सांसदों ने संसद परिसर में इस मामले के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराते हुए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।

समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, ब्रजेश ठाकुर के एनजीओ सेवा संकल्प एवं विकास समिति की ओर से मुजफ्फरपुर में ही एक सुधार गृह भी चलाया जाता था। पिछले दिनों गर्ल्स शेल्टर होम में नाबालिग लड़कियों से रेप और यौन शोषण मामले का खुलासा होने के बाद इस एनजीओ ने इस शेल्टर होम को बंद कर दिया था लेकिन वहां रहने वाली 11 महिलाओं का कुछ अता-पता नहीं चल रहा है।

एनजीओ ने इन गुमशुदा महिलाओं के बारे में विभाग को जानकारी नहीं दी, जिसके बाद सोमवार रात को विभाग के निर्देश के बाद महिला थाने में एनजीओ के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। बीते 20 मार्च को जिला निरीक्षण टीम ने इस शेल्टर होम का दौरा किया था तब यहां 11 महिलाएं वहां मौजूद थीं लेकिन बालिका गृह कांड सामने आने के बाद टीम जब दोबारा नौ जून को वहां गई तो वहां ताला जड़ा था। इसकी जानकारी पटना मुख्यालय को दी गई तथा वहां से निर्देश मिलने के बाद एनजीओ के खिलाफ एक और एफआईआर दर्ज कराई गई है।

इस साल के शुरुआत में टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंस, मुंबई (टीआईएसएस) ने अपने सोशल ऑडिट के आधार पर मुजफ्फरपुर के साहु रोड स्थित बालिका सुधार गृह (शेल्टर होम) में नाबालिग लड़कियों के साथ कई महीने तक रेप और यौन शोषण होने का खुलासा किया था। इस दौरान कई लड़कियों को गर्भपात के लिए भी मजूबर किया गया था। मेडिकल जांच में शेल्टर होम की कम से कम 34 बच्चियों के साथ रेप की पुष्टि हुई है। पीड़ित कुछ बच्चियों ने कोर्ट को बताया कि उन्हें नशीला पदार्थ दिया जाता था फिर उनके साथ रेप किया जाता था। इस दौरान उनके साथ मारपीट भी होती थी। जब उनकी बेहोशी छंटती थी और वो होश में आती थीं तो खुद को बिना कपड़ों के पाती थीं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad