हाल ही में संयुक्त राष्ट्र (यूएन) ने सबसे खुशहाल देशों के बारे में एक रिपोर्ट जारी की है। इस रिपोर्ट में सबसे ज्यादा खुशहाल देश फिनलैंड को बताया गया है। बुरुंडी इस लिस्ट में सबसे निचले पायदान पर है। 156 देशों की इस सूची में पिछले साल फिनलैंड पांचवें नंबर पर था।
लिस्ट में सबसे हैरान कर देने वाली बात यह है कि पाकिस्तान, चीन, बांग्लादेश, श्रीलंका और म्यांमार जैसे देश हमसे ज्यादा खुशहाल हैं। इनमें पाकिस्तान 5 पायदान चढ़कर 75वें और श्रीलंका 4 स्थान चढ़कर 116वें पायदान पर है। भारत अपने सारे पड़ोसियों से भी नीचे है और उसका नंबर 133वां है।
इस लिस्ट में भारत लगातार तीसरे साल नीचे खिसका है। इससे पहले भारत 122वें नंबर पर था। जबकि, साल 2016 में भारत 118वें नंबर पर था। वहीं, अगर अफगानिस्तान को छोड़ दें तो बाकी सभी पड़ोसियों से भारत इस लिस्ट में पीछे है। एशिया में पाकिस्तान के लोग सबसे ज्यादा खुश हैं। लिस्ट में पाकिस्तान 75वें नंबर पर है। इसके बाद चीन (86), भूटान (97), नेपाल (101), बांग्लादेश (115), श्रीलंका (116), म्यांमार (130), भारत (133) और अफगानिस्तान (145) हैं।
अमेरिका, ब्रिटेन में भी खुशहाली घटी
इस लिस्ट में फिनलैंड के बाद नॉर्वे, डेनमार्क, आइसलैंड स्विट्जरलैंड, नीदरलैंड्स, कनाडा, न्यूजीलैंड, स्वीडेन और ऑस्ट्रेलिया है। अमेरिका इस लिस्ट में 18वें नंबर पर है जबकि वह पिछले साल 14वें नंबर पर था। वहीं, ब्रिटेन की रैंक में भी गिरावट रही है। इस लिस्ट में ब्रिटेन 19वें पायदान पर है।
सबसे नाखुश ये पांच देश
इस लिस्ट में सबसे नीचे के पांच देशों में सीरिया (150), रवांडा (151), यमन (152), तंजानिया (153), दक्षिणी सूडान (154), मध्य अफ्रीकी गणराज्य (155) और सबसे आखिर में बरुंडी (156) शामिल हैं।
6 पैमानों के आधार पर तैयार होती है ये रिपोर्ट
जानकारी के मुताबिक, इस रिपोर्ट को विभिन्न देशों में 6 पैमानों के आधार पर तैयार किया जाता है। इसमें आय, स्वास्थ्य, जीवन प्रत्याशा, सामाजिक सहयोग, आजादी, भरोसा और एक-दूसरे के प्रति उदारता या दानशीलता शामिल हैं। इस बार इस रिपोर्ट में शरणार्थी और अप्रवासियों की खुशहाली को भी शामिल किया है। इस में फिनलैंड अव्वल है।