Advertisement

मुकेश अंबानी लगातार नौंवे साल भारत के सबसे धनाढ्य

रिलायंस इंडस्टीज के प्रमुख मुकेश अंबानी को लगातार नौंवे साल भारत की सबसे धनी हस्ती आंका गया है और उसकी निवल संपत्ति बढ़कर 22.7 अरब डालर हो गई है। सनफार्मा के दिलीप सांघवी 16.9 अरब डालर संपत्ति के साथ दूसरे स्थान पर रहे हैं।
मुकेश अंबानी लगातार नौंवे साल भारत के सबसे धनाढ्य

सौ सबसे अमीर लोगों की सूची में योग गुरु बाबा रामदेव के सहयोगी और उनके आयुर्वेदिक एवं खाद्य उत्पादों का कारोबार देखने वाले आचार्य बालकृष्ण का नाम भी शामिल है। धनी व्यक्तियों पर फोर्ब्‍स पत्रिका की नयी वर्षिक सूची में हिंदुजा परिवार 15.2 अरब डालर की संपत्ति के साथ भारत के धनी लोगों में तीसरे स्थान पर आ गया है। भारत की 100 सबसे धनी हस्तियों की सूची में विप्रो के अजीम प्रेमजी एक पायदान खिसककर चौथे स्थान पर आ गए हैं। उनकी संपत्ति 15 अरब डालर आंकी गई है।

इस सूची में एक आश्चर्यजनक नाम पतंजलि आयुर्वेद के आचार्य बालकृष्ण का है। बाबा रामदेव के निकट सहयोगी बालकृष्ण को 2.5 अरब डालर की संपत्ति के साथ सूची में 48वें स्थान पर रखा गया हैं। उल्लेखनीय है कि यह अमेरिकी पत्रिका दुनिया के धनी लोगों की सूचियां भी प्रकाशित करती है।

मुकेश अंबानी की संपत्ति बीते एक साल में 18.9 अरब डालर से बढ़कर 22.7 अरब डालर या 1.5 लाख करोड़ रुपये हो गई। उल्लेखनीय है कि धनी हस्तियों की वैश्विक सूची में मुकेश अंबानी 36वें स्थान पर हैं। पत्रिका के अनुसार भारत के 100 सबसे धनी लोगों की कुल निवल संपत्ति 10 प्रतिशत बढ़कर 381 अरब डालर हो गई है जो कि 2015 में 345 अरब डालर थी। मुकेश अंबानी के छोटे भाई अनिल को इस सूची में 32वें स्थान पर रखा गया है। उनकी संपत्ति 3.4 अरब डालर आंकी गई है।

फोर्ब्‍स के अनुसार सांघवी ने सूची में दूसरा स्थान बनाए रखा है। वहीं हिंदुजा समूह के हिंदुजा बंधुओं :श्रीचंद, गोपीचंद, प्रकाश व अशोक: की संपत्ति बढ़कर 15.2 अरब डालर हो गई। उन्होंने प्रेमजी को पछाड़कर सूची में तीसरा स्थान हासिल किया है। भाषा एजेंसी 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad