Advertisement

नूंह हिंसा: गुंडों ने अवैध इमारत से किया था जुलूस पर पथराव, जिला प्रशासन ने किया ध्वस्त

हरियाणा के नूंह में अवैध निर्माण के खिलाफ जिला प्रशासन का अभियान निरंतर जारी है। अब प्रशासन के...
नूंह हिंसा: गुंडों ने अवैध इमारत से किया था जुलूस पर पथराव, जिला प्रशासन ने किया ध्वस्त

हरियाणा के नूंह में अवैध निर्माण के खिलाफ जिला प्रशासन का अभियान निरंतर जारी है। अब प्रशासन के अधिकारियों ने रविवार को उस रेस्तरां-सह-होटल को ध्वस्त कर दिया, जिसका इस्तेमाल गुंडों ने हाल की हिंसा के दौरान पथराव करने के लिए किया था। बता दें कि ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के समय सुरक्षा हेतु पुलिस की टीम मौजूद थी।

जिला नगर योजनाकार विनेश कुमार ने जानकारी दी और बताया कि ''सहारा फैमिली रेस्टोरेंट'' की व्यावसायिक इमारत का निर्माण अवैध तरीके से किया गया था। उन्होंने बताया कि इसी इमारत से एक धार्मिक जुलूस पर गुंडों ने पथराव किया था। कुमार ने कहा, "इमारत पूरी तरह से अवैध थी और इसे सरकार और विभाग द्वारा नोटिस दिया गया था। गुंडों ने यहां से यात्रा पर पथराव किया था। इसलिए, यह कार्रवाई की जा रही है।"

गौरतलब है कि इससे पहले शनिवार की सुबह, नूंह जिला प्रशासन ने नलहर रोड क्षेत्र में 45 से अधिक "अवैध" दुकानों को ध्वस्त कर दिया। विदित हो कि हरियाणा के नूंह जिले में 31 जुलाई को दो गुटों के बीच हिंसा भड़क गई थी, सोमवार को नूंह में दो होम गार्ड समेत छह लोगों की जान चली गई। इस बीच, नूंह में इंटरनेट निलंबन मंगलवार तक बढ़ा दिया गया है। हालांकि, बीच बीच में छूट भी दी जा रही है।

वहीं, शुक्रवार को एक पुलिस अधिकारी ने कहा, "धार्मिक जुलूस के दौरान हुई हिंसा के संबंध में अब तक 55 एफआईआर दर्ज की गई हैं और 141 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। झड़पों में 88 अन्य लोग घायल हुए हैं। हिंसा में मरने वालों की संख्या 6 हो गई है।" उधर, गुरुग्राम पुलिस ने कहा था कि उसने नूंह में झड़प के बाद गुरुग्राम और आसपास के जिलों में हुई हिंसा के संबंध में अब तक 27 एफआईआर दर्ज की हैं और 38 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

सहायक पुलिस आयुक्त (गुरुग्राम) वरुण कुमार दहिया ने शुक्रवार को एएनआई को बताया, "हमने गुरुग्राम में हिंसा के संबंध में 27 एफआईआर दर्ज की और 38 लोगों को गिरफ्तार किया। 60 लोगों को निवारक हिरासत में भी लिया गया।" वहीं, हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने बुधवार को हिंसा के पीछे बड़ी साजिश का आरोप लगाते हुए कहा कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

अनिल विज ने कहा, "दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। जिसने भी हिंसा की साजिश रची, उसे भी भुगतान करना पड़ेगा। सार्वजनिक संपत्ति को हुए नुकसान की भरपाई दंगाइयों से की जाएगी। मैं सभी से शांति और सद्भाव बनाए रखने का आग्रह करूंगा। शांति सुनिश्चित करने के लिए राज्य पुलिस के जवान और केंद्रीय अर्धसैनिक बल पर्याप्त संख्या में तैनात हैं। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।"

मंत्री विज ने कहा, "मैं लोगों से यह भी अनुरोध करूंगा कि वे सोशल मीडिया पर कोई भी आपत्तिजनक या भड़काऊ सामग्री पोस्ट करने से बचें। हमने एक जांच समिति बनाई है, जो सोशल मीडिया पर हर गतिविधि पर नजर रख रही है। मामले की गहन जांच की जा रही है।"

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad