गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने अहमदाबाद सिविल अस्पताल में एअर इंडिया विमान हादसे के पीड़ितों के शोकाकुल परिवार के सदस्यों से सोमवार को मुलाकात की। अस्पताल में मृतकों के परिवार के सदस्य डीएनए परीक्षण के परिणाम जानने और अंतिम संस्कार के लिए शव लेने को लेकर डेरा डाले हुए हैं।
एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है कि मुख्यमंत्री ने चार दिन पहले हुई दुर्घटना के बाद शुरू किए गए संपूर्ण राहत एवं बचाव अभियान की समीक्षा के लिए मंत्रियों और राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की।
पटेल ने बाद में ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘अहमदाबाद के सिविल अस्पताल का दौरा किया और शोक संतप्त परिवारों से मुलाकात की। उनके प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की। परिवारों को आश्वासन दिया कि दुख की इस घड़ी में हर संभव सहायता दी जा रही है।’’
उन्होंने कहा कि दुर्घटना में जान गंवाने वालों की पहचान करने और उनके शवों को उनके परिजनों को सौंपने के लिए अस्पताल में डीएनए सैंपलिंग और मिलान का काम तेजी से किया जा रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘चिकित्सा टीम के साथ बातचीत की और शवों को सम्मानजनक तरीके से सौंपने के लिए सत्यापन कक्ष का दौरा किया। डीएनए सैंपलिंग और मिलान का काम तेजी से और सावधानी से किया जा रहा है।’’
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘मैंने मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उठाए जा रहे कदमों का मूल्यांकन करने के लिए एक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। उन्हें समय पर चिकित्सा देखभाल, पार्थिव शरीर को सम्मानजनक तरीके से सौंपने और हर प्रभावित परिवार की सहायता के लिए सुचारू डीएनए सत्यापन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।’’
विमान दुर्घटना के बाद, गुजरात स्वास्थ्य विभाग और सिविल अस्पताल प्रशासन घायलों (जिनमें से अधिकांश जमीन पर थे) को उपचार प्रदान करने, डीएनए मैपिंग करने और पार्थिव शरीर के अवशेषों को संबंधित परिवारों को सौंपने के लिए चौबीसों घंटे काम कर रहा है।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि अस्पताल के दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने डी2 ब्लॉक में स्थापित सत्यापन कक्ष का निरीक्षण किया और इलाज करा रहे मरीजों के परिजनों को सांत्वना दी। पटेल को डीएनए सैंपल मैपिंग की पूरी प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी गई।
अधिकारियों ने बताया कि सोमवार दोपहर तक डीएनए मिलान के माध्यम से 99 मृतकों की पहचान कर ली गई है।