Advertisement

ऑपरेशन सिंधु: ईरान से 311 भारतीयों को लेकर फ्लाइट दिल्ली पहुंची, अब तक 1400 से अधिक लोगों को निकाला गया

अमेरिका द्वारा ईरान के तीन परमाणु स्थलों पर बमबारी के बाद ईरान और इजरायल के बीच तनाव और बढ़ गया है। ऐसे...
ऑपरेशन सिंधु: ईरान से 311 भारतीयों को लेकर फ्लाइट दिल्ली पहुंची, अब तक 1400 से अधिक लोगों को निकाला गया

अमेरिका द्वारा ईरान के तीन परमाणु स्थलों पर बमबारी के बाद ईरान और इजरायल के बीच तनाव और बढ़ गया है। ऐसे में भारत ने रविवार को ईरान से 300 से अधिक और भारतीय नागरिकों को निकाला। विदेश मंत्रालय (एमईए) ने कहा कि ईरानी शहर मशहद से विशेष उड़ान से 311 भारतीय दिल्ली पहुंचे।

निकाले गए लोगों के नए जत्थे के साथ, ईरान से वापस लाए गए लोगों की कुल संख्या अब 1,428 हो गई है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि 311 भारतीय नागरिक 22 जून को 4.30 बजे मशहद से विशेष उड़ान से नई दिल्ली पहुंचे।

उन्होंने कहा कि अब तक कुल 1,428 भारतीय नागरिकों को ईरान से निकाला जा चुका है।

भारत ने ईरान और इजराइल के बीच बढ़ती शत्रुता को देखते हुए वहां से भारतीयों को वापस लाने के लिए पिछले सप्ताह ऑपरेशन सिंधु शुरू किया था।

एक सप्ताह से अधिक समय पहले शत्रुता शुरू होने के बाद से इजराइल और ईरान ने एक-दूसरे के शहरों और सैन्य तथा सामरिक प्रतिष्ठानों पर सैकड़ों मिसाइलें और ड्रोन दागे हैं।

रविवार सुबह अमेरिका द्वारा ईरान के तीन प्रमुख परमाणु स्थलों पर बमबारी के बाद तनाव काफी बढ़ गया।

भारत ने बुधवार से ईरानी शहर मशहद, अर्मेनियाई राजधानी येरेवन और तुर्कमेनिस्तान की राजधानी अश्गाबात से संचालित चार्टर्ड उड़ानों के जरिए अपने नागरिकों को निकाला है।

ईरान ने मशहद से तीन चार्टर्ड उड़ानों को सुविधाजनक बनाने के लिए शुक्रवार को हवाई क्षेत्र पर लगे प्रतिबंध हटा लिए। पहली उड़ान शुक्रवार देर रात 290 भारतीयों को लेकर नई दिल्ली पहुंची, तथा दूसरी उड़ान शनिवार दोपहर 310 भारतीयों को लेकर राष्ट्रीय राजधानी पहुंची।

गुरुवार को अर्मेनियाई राजधानी येरेवन से एक और उड़ान आई। शनिवार की सुबह अश्गाबात से एक विशेष निकासी उड़ान नई दिल्ली में उतरी। 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad