Advertisement

राष्ट्रपति मुर्मू और पीएम मोदी ने दी सेना दिवस की शुभकामनाएं, कहा- भारतीय सेना की देशभक्ति सभी नागरिकों के लिए प्रेरणा का बड़ा स्रोत

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को सैन्य कर्मियों को 76वें सेना...
राष्ट्रपति मुर्मू और पीएम मोदी ने दी सेना दिवस की शुभकामनाएं, कहा- भारतीय सेना की देशभक्ति सभी नागरिकों के लिए प्रेरणा का बड़ा स्रोत

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को सैन्य कर्मियों को 76वें सेना दिवस के अवसर पर शुभकामनाएं दी। साथ ही कहा कि उनकी देशभक्ति सभी नागरिकों के लिए प्रेरणा का एक बड़ा स्रोत बनी हुई है। राष्ट्रपति जो कि सैन्य बलों की सुप्रीम कमांडर हैं, उन्होंने अपने संदेश में कहा कि 'मैं सेना दिवस के मौके पर भारतीय सेना को अपनी शुभकामनाएं देती हूं।' 

मुर्मू ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘संघर्ष के साथ-साथ शांति की स्थितियों में भी हमारे बहादुर सैनिक हरसंभव तरीके से देश की सेवा करने के लिए तैयार रहते हैं। आज, कृतज्ञ राष्ट्र मातृभूमि के लिए अपने प्राणों की आहूति देने वालों को और भारतीय सेना के जज्बे को सलाम करता है। मैं सेना के सभी सदस्यों को शुभकामनाएं देती हूं।’’

राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘सेना दिवस पर सैन्य कर्मियों, भूतपूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को शुभकामनाएं। भारतीय सेना में अनुकरणीय बहादुरी, पूरे समर्पण के साथ देश की सीमाओं के रक्षा करने की लंबी परंपरा है। उनकी देशभक्ति सभी नागरिकों के लिए प्रेरणा का एक बड़ा स्रोत बनी हुई है।’’

वहीं, पीएम मोदी ने कहा कि सेना दिवस पर, हम अपने सेना कर्मियों के असाधारण साहस, अटूट प्रतिबद्धता और बलिदान का सम्मान करते हैं। हमारे राष्ट्र की रक्षा और हमारी संप्रभुता को कायम रखने में उनका अथक समर्पण उनकी बहादुरी का प्रमाण है। वे शक्ति और लचीलेपन के स्तंभ हैं।

आज के दिन का महत्व

साल 1949 में आज ही के दिन भारत के अंतिम ब्रिटिश कमांडर-इन-चीफ जनरल फ्रांसिस बुचर के स्थान पर तत्कालीन लेफ्टिनेंट जनरल के एम करियप्पा भारतीय सेना के कमांडर इन चीफ बने थे इसीलिए हर साल 15 जनवरी को सेना दिवस मनाया जाता है। करियप्पा बाद में फील्ड मार्शल बने थे।

 

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad