पश्चिम त्रिपुरा जिले में "अज्ञात बदमाशों" के एक समूह के किए गए हमले में विधायक सुदीप रॉय बर्मन और पार्टी की राज्य इकाई के कार्यकारी अध्यक्ष सुशांत चक्रवर्ती सहित कम से कम चार कांग्रेस नेताओं को "गंभीर चोटें" आई हैं। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी है।
उन्होंने कहा कि घटना गुरुवार को रानीर बाजार इलाके की है। रॉय बर्मन और चक्रवर्ती को एक अन्य नेता सुमना साहा के साथ यहां जीबीपी अस्पताल ले जाया गया।
अधिकारी ने कहा कि गुरुवार तक मामले में कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं ने पुलिस की अनुमति के बिना रानीर बाजार में एक रैली का आयोजन किया था, और हमला तब हुआ जब उन्हें कार्यक्रम स्थल से बाहर ले जाया जा रहा था।
हालांकि, पुरानी पार्टी के सदस्यों ने दावा किया कि यह हमला "भाजपा प्रायोजित गुंडों द्वारा किया गया" है।
उन्होंने कहा कि हमले के दौरान कम से कम 12 पार्टी नेता और कार्यकर्ता घायल हो गए और आठ वाहनों को आग लगा दी गई।
त्रिपुरा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया प्रभारी आशीष साहा ने पीटीआई-भाषा को बताया, “हमने एक शांतिपूर्ण रैली का आयोजन किया था। हमारे नेता और कार्यकर्ता उस समय हमले की चपेट में आ गए जब सीआरपीएफ के जवान हमें सुरक्षित स्थान पर ले जा रहे थे।”
उन्होंने कहा कि पार्टी का कानूनी प्रकोष्ठ शुक्रवार को पुलिस में शिकायत दर्ज कराएगा।