Advertisement

बेटे के लिए 11 साल की दुल्हन, फंसे भाजपा नेता

झारखंड के भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ताला मरांडी पर अपने बेटे मुन्ना मरांडी की शादी नाबालिग लड़की से कराने का आरोप लगा है। आरोप है कि मुन्ना मरांडी ने महज 11 साल की नाबालिग लड़की से शादी रचाई है। बुधवार को अन्य एक नाबालिग लड़की ने मुन्ना मरांडी पर यौन शोषण करने का आरोप लगाया था। दोनों ही मामलों में राज्य महिला आयोग के पास शिकायत दर्ज कराई गई है। जांच शुरू कर दी गई है। मुन्ना मरांडी की शादी 27 जून को हुई और 29 जून को रिसेप्शन रखा गया। दुल्हन के नाबालिग होने की जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री रघुवर दास ने शादी के रिसेप्शन में जाने का अपना कार्यक्रम रद्द कर दिया।
बेटे के लिए 11 साल की दुल्हन, फंसे भाजपा नेता

मामला झारखंड के गोड्डा जिले का है। ताला मरांडी गोड्डा ज़िले के कड़ा इटारी गांव के निवासी हैं। यह महगामा अनुमंडल के बोआरीजोर थाना क्षेत्र में पड़ता है। उनके बेटे मुन्ना मरांडी की शादी बड़ा सिमरा गांव निवासी भगन बास्की की बेटी से 27 जून को हुई। मुन्ना की पत्नी महगामा के एसडीएन स्कूल मे छठी क्लास की छात्रा हैं। स्कूल के एक लेटर के अनुसार, लड़की का जन्म 25 जुलाई 2005 को हुआ था और वह छठीं क्लास में पढ़ती है। कहा जा रहा है कि मुन्ना की की शादी पहले लड़की के कजन से तय हुई थी, लेकिन बाद में उसके परिवार वाले इससे पीछे हट गए थे।

 

महगामा के एसडीओ संजय कुमार के अनुसार, प्रथम दृष्टया जांच में ताला मरांडी की बहू के नाबालिग़ होने के साक्ष्य मिले हैं। उन्होंने एसडीएन स्कूल जाकर एडमिशन रजिस्टर की जांच की। इसमें मुन्ना मरांडी की पत्नी की जन्मतिथि 25 जुलाई 2005 अंकित है। स्कूल के प्रिंसिपल दीपनारायण मंडल के दस्तख़त से जारी उम्र प्रमाण पत्र में भी यही तारीख़ दर्ज है। लड़की की मेडिकल जांच कराई जाएगी। यह मामला सीडब्लूसी (चाइल्ड वेलफेयर कमिटी) को भेज दिया जाएगा।

इस मामले को विपक्ष ने बड़ा मुद्दा बना दिया है। पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जांच कराने की मांग की है। गोड्डा जिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपिका पांडेय सिंह ने राज्यपाल को पत्र लिखकर इसमें हस्तक्षेप करने को कहा है। दूसरी ओर, भाजपा सकते में है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रदीप सिन्हा ने के अनुसार, मुन्ना मरांडी दोषी पाए गए, तो प्रशासन अपना काम करेगा। पार्टी और सरकार का इससे कोई लेना-देना नहीं।

मुन्ना मरांडी पिछले एक हफ्ते से अचानक चर्चा में हैं। उनके पड़ोसी गांव खिजुरिया की एक 16 साल की लड़की ने गोड्डा के सीजीएम कोर्ट में केस दर्ज कराया कि ताला मरांडी के पुत्र पिछले एक साल से उनका यौन शोषण कर रहे हैं। इसकी शिकायत महिला आयोग में भी की गई है। झारखंड महिला आयोग की अध्यक्ष महुआ माजी के अनुसार, उन्होंने कार्रवाई के लिए डीजीपी डीके पांडेय को लिखा है।

महुआ माजी के अनुसार, ताला मरांडी के पुत्र की शादी किसी दूसरी लड़की से तय की गयी थी। लेकिन यौन शोषण का मामला सामने आने के बाद उस लड़की ने मुन्ना मरांडी से शादी करने से इंकार कर दिया। इसके बाद रिश्तेदारों ने उसी की कजिन दूसरी लड़की से शादी की पेशकश की। इसे ताला मरांडी और उनके पुत्र ने स्वीकार कर लिया। इसी लड़की के नाबालिग़ होने का आरोप सामने आया है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad