Advertisement

उत्तर प्रदेश में जेवर कांड के बाद अब डबल मर्डर की वारदात

उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ की सरकार आने के बाद भी यहां अपराध रुकने का नाम ही नहीं ले रहे। आए दिन प्रदेश में एक के बाद एक कई वारदातें सामने आ रही हैं। सहारनपुर हिंसा और जेवर-बुलंदशहर हाईवे पर हुई लूट जैसी वारदात के बाद सीतापुर से डबल मर्डर की घटना सामने आई है।
उत्तर प्रदेश में जेवर कांड के बाद अब डबल मर्डर की वारदात

दरअसल, मंगलवार रात को कुछ अज्ञात हमलावरों ने सीतापुर के एक व्यापारी, उसकी पत्नी और 25 वर्षीय बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी। हमलावरों ने सीतापुर के सिविल लाइन्स इलाके में स्थित परिवार के घर के आगे इस घटना को अंजाम दिया। सीतापुर लखनऊ से 90 किमी. दूर स्थित है।

वहीं, अज्ञात हमलावरों द्वारा दूसरे वारदात को भी सिविल लाइन्स इलाके में ही अंजाम दिया गया, जब एक 60 वर्षीय सुनील जायसवाल अपने बेटे रितिक के साथ घर 9.30 बजे पहुंचे ही थे। वह दोनों घर की पार्किंग में ही थे कि हमलावरों ने बाप-बेटे को गोली मारकर हत्या कर दी। गोली की आवाज सुनकर पत्नी भी दौड़कर बाहर आई, हमलावरों ने महिला को भी गोली से छलनी कर दिया। सुनील जायसवाल और पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रितिक को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। एक पड़ोसी ने गोलीबारी के दौरान मदद करनी चाही तो हमलावरों ने उसपर भी गोली चला दी। हालांकि वह बच गया।

मामले की जानकारी मिलते ही मौके पहुंची पुलिस ने जांच शुरु कर दी है। एक अधिकारी ने बताया कि प्रथम दृष्टतया यह प्रतीत हो रहा है कि दोनो पेशेवर अपराधी थे। दोनों नकाबपोश थे। अभी तक घटना के पीछे के कारणों का पता नही चल पाया है।

स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया है कि जब यह घटना हुई उस समय दो पुलिसकर्मी वहां मौजूद थे। उनसे मदद मांगी गई, लेकिन उन्होंने यह कहकर सहायता करने से इनकार कर दिया, यह घटना उनके इलाके में नहीं हुई है। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि 24 घंटों के भीतर हमलावर नहीं पकड़े गए तो शहर में बंद का ऐलान किया जाएगा।

गौरतलब है कि हाल ही में जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक, यूपी में योगी सरकार आने के बाद से अपराधों में 27 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। आंकड़ों के अनुसार, लूट और रेप की घटनाओं में सबसे ज्यादा इजाफा हुआ है।   

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad