Advertisement

इंदौर में कोरोना से एक और डॉक्टर की मौत

मध्य प्रदेश के इंदौर में कोरोना संक्रमित एक और डॉक्टर की मौत हो गई। यहां के ब्रह्मबाग कालोनी...
इंदौर में कोरोना से एक और डॉक्टर की मौत

मध्य प्रदेश के इंदौर में कोरोना संक्रमित एक और डॉक्टर की मौत हो गई। यहां के ब्रह्मबाग कालोनी निवासी डॉक्टर ओमप्रकाश चौहान पिछले काफी समय से अपने प्रायवेट क्लिनिक में क्षेत्र के रहवासियों का इलाज कर रहे थे। डॉक्टर चौहान के कोरोना संक्रमित होने के बाद उन्हें सबसे पहले सुयश हास्पिटल में भर्ती किया गया था। लगातार इलाज के बाद भी डॉक्टर के स्वास्थ्य में कोई सुधार नहीं हो रहा था और उनकी स्थिति ज्यादा खराब होती चली गई। डॉक्टर चौहान को बाद में अरविन्दो अस्पताल में भर्ती किया गया था जहां पर आज उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने ट्वीट कर कहा है  कि  इंदौर में कोरोना से जंग लड़ते हुए आज एक और चिकित्सक डॉ. ओमप्रकाश चौहान की दुःखद मृत्यु की जानकारी मिली। ऐसे कर्मवीर योद्धा को भी नमन। परिवार के प्रति मेरी शोक संवेदनाएँ।

इसके साथ ही इंदौर में कोविड-19 से मरने वालों की संख्या 26 तक जा पहुंची है।  यहाँ कोरोना पॉजिटिव की संख्या 235 तक पहुँच गई है। अभी तक इंदौर में 17 लोग स्वस्थ्य होकर घर लौटे हैं। मध्य प्रदेश में कोरोना का कहर दिन-ब-दिन बढ़ता ही जा रहा है। कोरोना पॉजिटिव की संख्या प्रदेश में बढ़कर 464 हो गई है। अभी तक इस महामारी से 36 लोगों की मृत्यु हो चुकी है। प्रदेश में 20 जिले इसकी चपेट में आ चुके हैं।  

वही, उज्जैन में बगैर मास्क पहने 60 से ज्यादा लोगों को पकड़कर जेल भेज दिया गया। भोपाल पुलिस ने विदेशी जमातियों के ऊपर बड़ी कार्रवाई की है।  पुलिस ने अलग-अलग थानों में 64 विदेशी जमाती और 10 देशी जमाती के साथ उनकी मदद करने वाले 13 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस ने शासकीय आदेश और वीजा उल्लंघन करने के साथ धारा 188, 269, 270 आईपीसी धारा 51 राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन अधिनियम धारा 13, 14 विदेशियों विषयक अधिनियम 1964 के तहत ऐशबाग, मंगलवारा, श्यामला हिल्स, पिपलानी और तलैया थाने में केस दर्ज किए हैं। विदेशों से आए इन जमातियों ने भोपाल पहुंचने पर स्थानीय पुलिस को कोई जानकारी नहीं दी थी, साथ ही, लॉकडाउन के दौरान शासकीय आदेशों को भी नहीं माना था। इसके बाद इन पर कार्रवाई की जा रही है।

वीजा नियमों का किया उल्लंघन

इतना ही नहीं इन्होंने वीजा का भी उल्लंघन किया है। पुलिस अब जल्द इनकी गिरफ्तारी करेगी। बताया जा रहा है कि जिन जमातियों पर एफआईआर दर्ज की गई उनमें पॉजिटिव मरीज भी शामिल हैं। साथ में कई ऐसे आरोपी बनाए गए जो कि 14 दिन के क्‍वारंटाइन में रखे गए हैं।

20 पॉजिटिव जमातियों से 1,000 से ज्यादा लोगों में संक्रमण का खतरा

राजधानी भोपाल में जमातियों की वजह से कोरोना का सबसे बड़ा खतरा आ गया है। बीस पॉजिटिव जमातियों से एक हजार से ज्यादा लोगों में संक्रमण फैलने का खतरा है। बताया जा रहा है कि यह जमाती तीन सौ लोगों के सीधे संपर्क में आए थे।  इन सभी तीन सौ लोगों को क्‍वारंटाइन किया गया। जबकि बाकी के सात सौ लोगों को चिन्हित किया जा रहा है।  इंटेलिजेंस प्रशासन की मदद इन लोगों को चिन्हित करने में कर रही है। बढ़ते संक्रमण के खतरे के मद्देनजर भोपाल में टोटल लॉकडाउन किया गया है। चिन्हित किए गए 24 कंटेनमेंट एरिया में बाहरी व्यक्तियों के आने पर गिरफ्तारी होगी।

 हम यहां जिला वार जानकारी देने की कोशिश कर रहे हैं:

*इंदौर - 235 पॉजिटिव,26 की मौत,17 स्वस्थ होकर वापस अपने घर लौटे

*मुरैना में 13 पॉजिटिव.

*उज्जैन में 16 पॉजिटिव, 5 की मौत.

*जबलपुर में 9 पॉजिटिव,4 स्वस्थ

*भोपाल में  121 पॉजिटिव,1 की मौत, 2 स्वस्थ होकर घर लौटे.

*ग्वालियर में 6 पॉजिटिव, 2 हुये स्वस्थ्य.

*शिवपुरी में 2 पॉजिटिव,1 स्वस्थ्य.

*खरगोन में 14 पॉजिटिव, 2 की मौत.

* छिंदवाड़ा में 2 पॉजिटिव,एक की मौत.

*बड़वानी में 14 पॉजिटिव.

*देवास 3 पॉजिटिव, एक की मौत

*धार एक पॉजिटिव

*विदिशा में 12 पॉजिटिव.

* बैतूल में एक पॉजिटिव

*होशंगाबाद में 6 पॉजिटिव

*श्योपुर में एक पॉजिटिव.

*रायसेन में एक पॉजीटिव.

*खंडवा में 5 पॉजिटिव.

*शाजापुर में एक पॉजिटिव

*सागर एक पॉजिटिव

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad