Advertisement

सेना ने सिक्किम में बर्फबारी, खराब मौसम के कारण फंसे 800 से अधिक पर्यटकों का किया रेस्क्यू

भारतीय सेना के जवानों ने बुधवार को पूर्वी सिक्किम में ऊंचाई वाले इलाकों में फंसे हुए 800 से अधिक...
सेना ने सिक्किम में बर्फबारी, खराब मौसम के कारण फंसे 800 से अधिक पर्यटकों का किया रेस्क्यू

भारतीय सेना के जवानों ने बुधवार को पूर्वी सिक्किम में ऊंचाई वाले इलाकों में फंसे हुए 800 से अधिक पर्यटकों को बचा लिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों के मुताबिक, बर्फबारी और खराब मौसम के कारण ये पर्यटक पूर्वी सिक्किम के विभिन्न इलाकों में फंस गए थे, जिनमें बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे।

भारतीय सेना की त्रिशक्ति कोर के जवानों ने पूर्वी सिक्किम में यह रेस्क्यू किया। सेना ने विज्ञप्ति में कहा कि 13 दिसंबर की दोपहर को भारी बर्फबारी और खराब मौसम के कारण बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों सहित 800 से अधिक पर्यटक पूर्वी सिक्किम के ऊंचाई वाले इलाकों में फंस गए।

विज्ञप्ति में बताया गया कि त्रिशक्ति कोर के जवानों ने तत्काल कार्रवाई की और फंसे हुए पर्यटकों को बचाया, बचाव अभियान अभी भी जारी है और पर्यटकों को सुरक्षित क्षेत्रों में ले जाया जा रहा है और आश्रय, गर्म कपड़े, चिकित्सा सहायता और गर्म भोजन प्रदान किया जा रहा है।

सेना ने अपनी विज्ञप्ति में आगे बताया कि फंसे हुए पर्यटकों को ठहराने के लिए सैनिकों ने अपने बैरक खाली कर दिए। विज्ञप्ति में कहा गया है, "सैनिकों की त्वरित प्रतिक्रिया ने खराब मौसम की स्थिति में फंसे हुए पर्यटकों को राहत और आराम प्रदान किया। फंसे हुए पर्यटकों ने सेना द्वारा प्रदान की गई तत्काल राहत के लिए अपनी गहरी कृतज्ञता व्यक्त की।"

इसमें कहा गया है कि सेना, हिमालय के ऊंचाई वाले इलाकों में सीमावर्ती इलाकों की रक्षा करने के साथ-साथ पर्यटकों और सिक्किम-पर्यटक आबादी को सहायता प्रदान करने में भी सक्रिय रहती है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad