Advertisement

उत्तर प्रदेश में भाजपा का मिशन 2019 शुरू, 73 प्लस सीटों का लक्ष्य

आगामी लोकसभा चुनाव के नजरिये से भाजपा ने यूपी में अपनी जमीनी तैयारी को अब फाइनल टच दे दिया। मिशन 2019 में 73...
उत्तर प्रदेश में भाजपा का मिशन 2019 शुरू, 73 प्लस सीटों का लक्ष्य

आगामी लोकसभा चुनाव के नजरिये से भाजपा ने यूपी में अपनी जमीनी तैयारी को अब फाइनल टच दे दिया। मिशन 2019 में 73 प्लस के लक्ष्य के लिए फॉर्मूले पर पार्टी ने ऊपर से नीचे तक सबकी जिम्मेदारी भी तय कर दी। हर बूथ पर दुबारा अपनी शक्ति खंगालने से लेकर अब फिर सदस्यता अभियान में जुट जाने में प्रदेश भाजपा लगने जा रही। साथ ही, गांधी जयंती से 31 अक्टूबर तक राज्य के हर विधानसभा में डेढ़ सौ कार्यकर्ता अपने विधायक व पदाधिकारियों के साथ रोजाना 15 किमी यात्रा निकालेंगे।

सुभारती विश्वविद्यालय में रविवार को प्रदेश भाजपा कार्यसमिति की बैठक के अंतिम दिन राजनैतिक प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। प्रस्ताव प्रदेश महामंत्री विद्या सागर सोनकर ने रखा। इसका समर्थन उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा, उपाध्यक्ष और सांसद डॉ. संजीव बालियान व उपाध्यक्ष जेपीएस राठौर ने किया। नमो ऐप को ज्यादा से ज्यादा लोगों से जोड़ने के अलावा दो और प्रस्ताव सहर्ष पारित किए गए। पिछड़ा वर्ग आयोग के गठन के लिए जहां प्रधानमंत्री नरेंद मोदी को बधाई दी गई। वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को कांवड़ यात्रा में उत्तम व्यवस्था कराने और प्रशासन से सहयोग दिलाने के लिए आभार दिया गया। राजनैतिक प्रस्ताव पर कुल 142 संशोधन और सुझाव प्राप्त हुए।

कार्य समिति में कई कार्यक्रम भी तय किए गए। चूंकि भाजपा अब चुनाव की तैयारियों में जुट गई है। इसमें 16 अगस्त को प्रत्येक जिला मुख्यालय पर जिला कार्यकारिणी की बैठक होगी। जिसमें कोई प्रदेश पदाधिकारी भी मौजूद रहेगा। प्रदेश में चुनाव में मतदान के लिए कुल एक लाख 60 हजार बूथ हैं और भाजपा ने हर बूथ के लिए कमेटियां बना रखी हैं। अब अपनी इन बूथ समितियों को हमें फिर से उनकी सक्रियता को परखना भर है। यह अभियान 16 से 31 अगस्त तक चलेगा। इसके अलावा, बूथस्तर से हम सदस्यता अभियान फिर चलाएंगे। इस बारे में महामंत्री विजय बहादुर पाठक ने कहा कि सदस्यता अभियान के लिए पार्टी एक नया टोल फ्री नम्बर ले कर आई है-18002661001।

इसके तुरंत बाद पहली सितंबर से 15 सितंबर तक सभी 80 लोकसभा सीटों की संचालन टोली निर्वाचन आयोग के मतदाता अभियान का हिस्सा बन कर नए मतदाता बनवाने में सहयोग करेगी। 15 अगस्त को पार्टी कार्यकर्ता प्रत्येक बूथ स्तर पर 11-11 पौधे लगाएंगे। 16 अगस्त को स्वतंत्रता संग्राम सेनानी व शहीद सैनिकों के परिजनों का अभिनन्दन किया जाएगा। यह कार्यक्रम जिला स्तर पर किसान मोर्चा करेगा। 17 अगस्त को प्रत्येक जिले में पार्टी का युवा मोर्चा तिरंगे के साथ प्रभात फेरी निकालेगा। 18 अगस्त को पार्टी का महिला मोर्चा हर जिले में देशभक्ति पर आधारित कवि सम्मेलन व गीत प्रतिस्पर्धा आयोजित करेगा। प्रस्तावों के बाद, चुनाव के रोड मैप को अंतिम जामा पहनाते हुए रणनीति व समयसारिणी के लिए जल्द ही केंद्रीय चुनाव समिति को सूचित किया जाएगा।

कार्यसमिति के राजनैतिक प्रस्ताव रखने के बाद बने माहौल और संगठन के तय आगामी कार्यकर्मो पर मीडिया प्रभारी मनीष दीक्षित ने कहा कि जहां बाकी दल अभी जुबानी बयानबाजी में व्यस्त हैं वहीं मिशन 2019 के लिए भाजपा ने खाका खींचकर काम भी शुरू कर दिया है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad